नई दिल्ली: 'धुरंधर' फिल्म के रिलीज होने के बाद YRF की स्पाई यूनिवर्स फिल्मों को सबसे ज्यादा ट्रोल किया गया। अब इस यूनिवर्स की अगली फिल्म 'अल्फा' की रिलीज डेट पास आ रही है और इससे जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
'अल्फा' में आलिया भट्ट लीड रोल में हैं, लेकिन इस बार वह साधारण जासूस नहीं होंगी। वह एक खतरनाक और ट्रेंड हत्यारे के रोल में नजर आएंगी। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, आलिया का किरदार किसी खुफिया एजेंसी का एजेंट नहीं है।
फिल्म उनके अतीत और एक बेरहम हत्यारा बनने के सफर को दिखाएगी। सूत्रों का कहना है कि 'अल्फा' स्पाई यूनिवर्स के पुराने फॉर्मूले पर नहीं चलेगी। यह एक ऐसी लड़की की कहानी है जिसे बचपन से ही सिर्फ 'किलिंग मशीन' बनने के लिए तैयार किया गया है।
मेकर्स ने इस बार कहानी में भारत-पाकिस्तान की दोस्ती या दुश्मनी का कोई एंगल नहीं रखने का फैसला किया है। 'पठान', 'टाइगर 3' और 'वॉर' जैसी YRF की पिछली फिल्मों की कहानी भारत-पाक के इर्द-गिर्द ही थी। लेकिन आदित्य धर की 'धुरंधर' देखने के बाद सोशल मीडिया पर YRF स्पाई यूनिवर्स की काफी आलोचना हुई। माना जा रहा है कि इसी वजह से 'अल्फा' में इंडिया-पाकिस्तान का कोई कनेक्शन नहीं दिखाया जाएगा।
इस बदलाव के बाद फिल्म में दो देशों के बीच संयुक्त मिशन या समझौते की कहानी नहीं होगी। सूत्र बताते हैं कि 'अल्फा' में दिखाया जाएगा कि भारत अपने दुश्मनों से बिना किसी रहम के और पूरी सटीकता से अकेले कैसे निपटता है। फिल्म में कोई डिप्लोमैटिक संकेत या सीमा पार की पार्टनरशिप नहीं दिखेगी। आलिया भट्ट के साथ शरवरी भी एक दमदार रोल में होंगी।
फिल्म की स्टारकास्ट भी मजबूत है। विलेन और अहम किरदारों के लिए बॉबी देओल और अनिल कपूर को लिया गया है। चर्चा है कि स्पाई यूनिवर्स के दो बड़े स्टार ऋतिक रोशन और शाहरुख खान भी कैमियो कर सकते हैं। हालांकि इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 'अल्फा' की रिलीज डेट कई बार बदली गई है। पहले इसे 2025 में लाने की बात थी, फिर अप्रैल 2026 और 10 जुलाई 2026 के लिए शेड्यूल किया गया। ताजा जानकारी के अनुसार अब यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में आएगी। हालांकि YRF की तरफ से ऑफिशियल अनाउंसमेंट बाकी है। First Updated : Monday, 01 June 2026