‘चील चुप तो तोते बोलने लगे’, खराब सेहत की खबरों के बीच अमिताभ बच्चन ने किया क्रिप्टिक पोस्ट

अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उनका नया क्रिप्टिक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक कविता लिखी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी एक अजीब पोस्ट किया.

Shraddha Mishra

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं. उनकी सेहत को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. इसी बीच अस्पताल में भर्ती होने की खबरों ने भी फैंस की चिंता बढ़ा दी. हालांकि इन तमाम चर्चाओं के बीच बिग बी ने अपने खास अंदाज में सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट साझा की, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया. उनके ट्वीट और ब्लॉग में लिखी गई बातें अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

बुधवार तड़के अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक छोटा लेकिन बेहद रहस्यमयी पोस्ट शेयर किया. इसके साथ ही उन्होंने अपने ब्लॉग पर एक कविता भी लिखी. बिग बी की कविता की एक लाइन का मतलब था कि “जब चील शांत हो जाता है, तब तोते बोलना शुरू कर देते हैं.” उनके इस अंदाज को कई लोग सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और चर्चाओं पर तंज के रूप में देख रहे हैं. हमेशा की तरह अमिताभ ने सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन उनके शब्दों ने लोगों का ध्यान जरूर खींच लिया. ब्लॉग के आखिर में उन्होंने “प्यार, प्रार्थनाएं और बहुत कुछ” लिखकर अपने फैंस के प्रति भावनाएं भी जाहिर कीं.

‘पिलोरी-बडुम्बा’ ट्वीट ने फैंस को किया कन्फ्यूज

अमिताभ बच्चन ने एक और ट्वीट किया जिसमें सिर्फ “पिलोरी - बडुम्बा” लिखा था. इस पोस्ट को देखकर फैंस हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल पूछने लगे. कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि आखिर इसका मतलब क्या है. कुछ लोगों ने इसे बिग बी का मजाकिया अंदाज बताया, तो कुछ इसे किसी नए प्रोजेक्ट का संकेत मान रहे हैं. हालांकि अमिताभ बच्चन ने अब तक इन पोस्ट्स को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. यही वजह है कि उनके फैंस लगातार उनके सोशल मीडिया अपडेट्स पर नजर बनाए हुए हैं.

सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव रहते हैं बिग बी

81 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं. वे अक्सर अपने ब्लॉग के जरिए निजी अनुभव, जीवन के विचार, कविताएं और काम से जुड़ी बातें साझा करते रहते हैं. उनके ब्लॉग को पढ़ने वाले फैंस की संख्या काफी बड़ी है. बिग बी कई बार अपने पुराने दिनों की यादें, परिवार से जुड़े अनुभव और समाज पर अपने विचार भी लिखते हैं. यही वजह है कि उनकी हर पोस्ट चर्चा का विषय बन जाती है.

कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं अमिताभ बच्चन

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आने वाले समय में कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं. वे निर्देशक नाग अश्विन की फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में फिर दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ प्रभास भी नजर आएंगे. इसके अलावा वे ब्रह्मास्त्र पार्ट दो: देव और आंखें 2 जैसी फिल्मों का भी हिस्सा हैं. बिग बी निर्देशक रिभु दासगुप्ता की कोर्टरूम ड्रामा फिल्म सेक्शन 84 में भी नजर आएंगे. इस फिल्म में डायना पेंटी, निमरत कौर और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

फिल्मों के अलावा अमिताभ बच्चन जल्द ही छोटे पर्दे पर भी वापसी करने वाले हैं. वे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के नए सीजन के साथ फिर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे. बताया जा रहा है कि शो की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और फैंस एक बार फिर बिग बी को हॉट सीट पर कंटेस्टेंट्स के साथ देखने का इंतजार कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो