फिजिकली, मेंटली किया प्रताड़ित...सेलिना जेटली ने पति पीटर हॉग पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, मांगे 50 करोड़ रुपये

अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग पर गंभीर घरेलू हिंसा के आरोप लगाते हुए मुंबई की अदालत में मामला दर्ज किया है. उन्होंने 50 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई, मासिक 10 लाख रुपये भरण-पोषण और बच्चों की कस्टडी की मांग की है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग के खिलाफ गंभीर घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है और उससे हुई आर्थिक क्षति के लिए 50 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा है. वर्ष 2010 में शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हैं विंस्टन, विराज और आर्थर. सेलिना ने 21 नवंबर को मुंबई की एक अदालत में याचिका दाखिल की, जिसके बाद हाग को नोटिस जारी किया गया.

न तो बच्चों की परवाह और ना ही मेरी 

आपको बता दें कि 47 वर्षीय सेलिना जेटली ने अपनी याचिका में कहा है कि उनके पति पीटर हाग एक “नार्सिसिस्टिक और स्वकेंद्रित व्यक्ति” हैं, जिन्हें न तो उनकी भावनाओं की परवाह है और न ही बच्चों की. अभिनेत्री का दावा है कि उन्हें वर्षों तक भावनात्मक, शारीरिक, यौन और मौखिक हिंसा का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से उन्हें ऑस्ट्रिया छोड़कर भारत लौटना पड़ा. उन्होंने कहा कि हाग ने बच्चों के जन्म के बाद उन्हें काम करने से रोक दिया और उनकी आर्थिक स्वतंत्रता छीन ली. वह केवल उन्हीं प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकीं जिन्हें पति की अनुमति मिलती थी.

प्रति माह 10 लाख रुपये प्रदान किया जाए 
सेलिना जेटली की ओर से करंजावाला एंड कंपनी की कानूनी टीम ने अदालत में अनुरोध किया है कि उन्हें प्रति माह 10 लाख रुपये का भरण-पोषण प्रदान किया जाए और पीटर हाग को उनके मुंबई वाले घर में प्रवेश से रोका जाए. अभिनेत्री ने अपने तीनों बच्चों की कस्टडी भी मांगी है, जो फिलहाल ऑस्ट्रिया में अपने पिता के साथ रह रहे हैं. याचिका में यह भी उल्लेख है कि पीटर हाग ने इस वर्ष अगस्त में ऑस्ट्रिया की अदालत में तलाक की अर्जी दी है.

2012 में पहली बार बने थे माता-पिता 
सेलिना और पीटर हाग मार्च 2012 में पहली बार जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने थे. पांच साल बाद उन्हें दूसरी बार जुड़वां बच्चे हुए, हालांकि उनमें से एक का जन्म के तुरंत बाद हाइपोप्लास्टिक हार्ट सिंड्रोम के कारण निधन हो गया. अतीत में सेलिना ने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर कई भावुक पोस्ट भी साझा किए थे. अपनी वर्षगांठ पर उन्होंने लिखा था कि पीटर हाग मुंबई आकर उनके माता-पिता से मिलने सिर्फ आठ घंटे के लिए रुके थे और उसी रात उन्हें अंगूठी पहनाकर शादी का प्रस्ताव दिया था. उन्होंने अपनी मां की उस बात का भी ज़िक्र किया था जिसमें कहा गया था कि "सही व्यक्ति टूटे हुए मन को भी शांति देता है."

भाई के अपहरण के मामले में भी कोर्ट पहुंचीं सेलिना
हाल ही में सेलिना जेटली अपने भाई मेजर (सेवानिवृत्त) विक्रांत जेटली की मदद के लिए दिल्ली की अदालत भी पहुंची थीं. उनका कहना है कि 2016 से यूएई में रह रहे उनके भाई को सितंबर 2024 में ग़ैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया और विदेश मंत्रालय उनके हालात के बारे में बुनियादी जानकारी भी उपलब्ध नहीं करा पा रहा. अदालत ने इसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेलिना और उनके भाई के बीच बातचीत की सुविधा सुनिश्चित की जाए और उसकी पत्नी से संपर्क भी व्यवस्थित किया जाए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag