इंस्टाग्राम पर छाई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’! अनुराग कश्यप से उर्फी तक, कई सेलेब्स कर रहे फॉलो
भारतीय इंस्टाग्राम पर इन दिनों एक बेहद अनोखा और व्यंग्यात्मक ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है. ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम के एक काल्पनिक राजनीतिक पेज ने सोशल मीडिया की दुनिया में हलचल मचा दी है और यूजर्स के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.

नई दिल्ली: भारतीय इंस्टाग्राम पर इन दिनों एक बेहद अजीबोगरीब और अनोखा ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है. 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम के एक काल्पनिक और व्यंग्यात्मक राजनीतिक पेज ने इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है. इस अनोखे और पैरोडी पेज के फॉलोअर्स की संख्या रातों-रात बढ़कर 1.41 करोड़ (14.1 मिलियन) के पार पहुंच चुकी है. अपने डार्क ह्यूमर (गहरे व्यंग्य), अतरंगी चुनावी ग्राफिक्स और कड़वे राजनीतिक कटाक्षों के दम पर यह पेज मुख्यधारा के सोशल मीडिया विमर्श का केंद्र बन गया है.
आखिर कैसे शुरू हुआ यह 'कॉकरोच' आंदोलन?
पेज के अचानक वायरल होने के पीछे देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत क टिप्पणी है. एक अदालती सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने टिप्पणी की थी, कॉकरोच की तरह ऐसे युवा हैं जिन्हें कोई रोजगार नहीं मिलता. उनमें से कुछ मीडिया बन जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया, कुछ आरटीआई कार्यकर्ता और वे हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं.
गुस्से का प्रतीक बना
सीजेआई ने बाद में साफ किया कि उनका इशारा फर्जी डिग्री का इस्तेमाल करने वाले लोगों की तरफ था न कि देश के युवाओं के लिए. लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर गुस्सा भड़क चुका था और युवाओं ने इसे एक आंदोलन का रूप दे दिया. इस पेज ने कॉकरोच शब्द को ही आम जनता की बेबसी, संघर्ष और व्यवस्था के खिलाफ उनके गुस्से का प्रतीक बना दिया.
सेलिब्रिटीज और इंफ्लुएंसर्स का मिला साथ
इस डिजिटल आंदोलन को हवा तब और मिली जब बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप इस पेज के फॉलोअर्स की लिस्ट में नजर आए. अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर कश्यप के इस पेज को फॉलो करते ही नेटिजन्स की उत्सुकता चरम पर पहुंच गई. इसके बाद कई अन्य सितारों के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर तैरने लगे.
इन अभिनेत्रीयों ने भी किया फॉलो
इस फेहरिस्त में केवल अनुराग कश्यप ही नहीं बल्कि अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा और फातिमा सना शेख जैसी गंभीर अभिनेत्रियों के नाम भी सामने आ रहे हैं. इसके अलावा डिजिटल दुनिया के मशहूर चेहरे जैसे नगमा मिराजकर, शफक नाज और शीजान खान भी इस काल्पनिक पार्टी के फॉलोअर्स बन चुके हैं. मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के इस जुड़ाव ने इस पैरोडी पेज को भारतीय इंस्टाग्राम का सबसे बड़ा और अनोखा ट्रेंड बना दिया है


