रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'धुरंधर 2', सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह, आर माधवन और संजय दत्त की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म का सशुल्क पूर्वावलोकन 18 मार्च को रखा गया है. हालांकि आधिकारिक रिलीज से पहले ही यह फिल्म विवादों में घिरती नजर आ रही है.

नई दिल्ली: 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर का दूसरा भाग 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. फिल्म निर्माताओं ने 18 मार्च को 'धुरंधर: द रिवेंज' का एक 'पेड प्रीव्यू' भी आयोजित किया है. फैंस रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, रिलीज से पहले ही यह फिल्म विवादों में घिर गई है.
दरअसल, फिल्म में रणवीर सिंह के सिख किरदार को लेकर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई है. समुदाय का कहना है कि फिल्म में दिखाया गया एक दृश्य उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है और इससे सिख समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचता है.
सिख समुदाय की आपत्ति, भेजा गया कानूनी नोटिस
महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक और सिख किरदार निभाने वाले अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को कानूनी नोटिस भेजा है.
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में सिख किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म की परंपराओं के खिलाफ है और इससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं.
नोटिस में क्या कहा गया
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सिख धर्म में तंबाकू का सेवन पूरी तरह वर्जित है और सिख समुदाय इसका पालन करता है. ऐसे में फिल्म में सिख किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाना धार्मिक रूप से असंवेदनशील बताया गया है.
विक्की थॉमस सिंह ने मांग की है कि फिल्म से सिख किरदार के धूम्रपान वाले सभी दृश्यों को तुरंत हटाया जाए. इसके साथ ही इन दृश्यों को पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी हटाने का अनुरोध किया गया है.
विवादित सामग्री हटाने और माफी की मांग
कानूनी नोटिस में फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' से सभी आपत्तिजनक और धार्मिक रूप से असंवेदनशील सामग्री को तत्काल हटाने की मांग की गई है.
इसके अलावा नोटिस में सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की गई है. इसमें कहा गया है कि ऐसे दृश्य और प्रचार सामग्री शामिल करने से सिखों की धार्मिक भावनाओं को गंभीर रूप से ठेस पहुंची है.
फिल्म में रणवीर सिंह का किरदार
फिल्म में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी नाम के एक काल्पनिक जासूस की भूमिका निभा रहे हैं. कहानी के अनुसार, यह किरदार पाकिस्तान में दुश्मन गुटों में घुसपैठ कर भारत को खुफिया जानकारी देने के लिए हमजा अली मजारी नाम का छद्म रूप अपनाता है.
फिल्म के पहले भाग में जसकीरत सिंह रंगी को एक कैदी के रूप में दिखाया गया था, जिसे प्रशिक्षण देने के बाद पाकिस्तान भेजा गया था. वहीं फिल्म के दूसरे भाग में इस किरदार के जीवन से जुड़े कई रहस्यों के सामने आने की बात कही जा रही है.


