दिल्ली-NCR में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश... IP कैमरों से PAK भेजते थे लाइव वीडियो, 6 संदिग्ध जासूस गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस ने महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजने के आरोप में पकड़े गए. आरोपियों के मोबाइल से कई वीडियो मिले हैं और मामले की जांच जारी है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस ने गाजियाबाद के कौशांबी इलाके से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर दिल्ली और आसपास के संवेदनशील स्थानों के फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजने का आरोप है. गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान में बैठे अपने संपर्कों को लगातार जानकारी भेज रहे थे. पुलिस को इन संदिग्धों के बारे में पहले से सूचना मिल रही थी. 

शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर भोवापुर तिराहे के पास छापा मारकर पांच लोगों को पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों में मेरठ के परतापुर निवासी सुहेल मलिक और भोवापुर के रहने वाले प्रवीन, राज, शिवा और रितिक शामिल हैं. इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने आनंद विहार बॉर्डर के पास से संभल की रहने वाली साने इरम उर्फ महक को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि यह महिला भी इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रही थी.

मोबाइल में मिले संवेदनशील स्थानों के वीडियो

पुलिस को आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन मिले हैं. इन मोबाइलों की जांच करने पर दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्थानों के फोटो और वीडियो मिले हैं. इनमें रेलवे स्टेशन, सैन्य ठिकाने और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े कार्यालय शामिल हैं. जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पिछले एक साल के दौरान 20 से अधिक संवेदनशील स्थानों के करीब 50 वीडियो और कई तस्वीरें पाकिस्तान भेजी थीं.

आईपी सोलर कैमरे से भेजते थे लाइव वीडियो

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपियों ने दिल्ली के कुछ स्थानों पर आईपी सोलर कैमरे लगाए थे. इन कैमरों के जरिए वे वहां की लाइव वीडियो फुटेज पाकिस्तान में बैठे लोगों तक पहुंचा रहे थे. अब तक पूछताछ में एक ऐसे स्थान का पता चला है, जहां कैमरा लगाया गया था. इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऐसे कैमरे और किन-किन जगहों पर लगाए गए थे.

पाकिस्तान से मिलते थे पैसे

पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान से मांग आने के बाद आरोपी तय स्थानों पर जाकर फोटो और वीडियो बनाते थे. इसके बदले उन्हें प्रति लोकेशन लगभग पांच से आठ हजार रुपये तक मिलते थे. जांच में अभी तक एक ही पाकिस्तानी नंबर सामने आया है, जिससे आरोपी संपर्क में थे. बातचीत ज्यादातर व्हाट्सऐप के माध्यम से होती थी. पुलिस का कहना है कि गिरोह का सरगना पाकिस्तान में बैठा है और वही सभी को अलग-अलग जगहों की जानकारी जुटाने का निर्देश देता था.

पुलिस के अनुसार सुहेल मलिक इस नेटवर्क का प्रमुख सदस्य माना जा रहा है. जांच में पता चला है कि पाकिस्तान से भेजी गई रकम उसके बैंक खाते में आई थी. बाकी आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है. शनिवार शाम सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

गिरोह में युवाओं को जोड़ने का काम करती थी महिला

पुलिस का कहना है कि साने इरम गिरोह में दूसरे नंबर की भूमिका निभा रही थी. वह युवाओं से संपर्क कर उन्हें इस नेटवर्क से जोड़ने का काम करती थी. शुरुआत में लोगों से फोटो और वीडियो बनवाने के लिए कहा जाता था और उन्हें पैसे दिए जाते थे. बाद में वे बिना सवाल किए इस काम में शामिल हो जाते थे. जांच एजेंसियों को शक है कि इस गिरोह में कुछ और युवतियां भी शामिल हो सकती हैं.

खुफिया एजेंसियों ने भी की पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस, आईबी और स्थानीय खुफिया इकाइयों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. सभी आरोपियों से लंबी पूछताछ की गई. एजेंसियों ने यह जानने की कोशिश की कि वे कब से पाकिस्तान के संपर्क में थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. आरोपियों के मोबाइल फोन अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, जिससे कई और अहम जानकारी सामने आ सकती है.

स्थानीय लोगों की सतर्कता से खुला राज

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गतिविधियों पर आसपास रहने वाले लोगों को शक हो गया था. वे अक्सर अलग-अलग जगहों के फोटो और वीडियो बनाते थे और दूसरों को भी पैसे का लालच देकर इस काम में शामिल करने की कोशिश करते थे. स्थानीय लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सतर्कता से एक बड़ी साजिश को समय रहते रोक लिया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो