'भैया, थोड़ा धीरे चलाइए': दिल्ली में महिला के साथ बाइक टैक्सी में बदसलूकी, छेड़छाड़ के आरोप में ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली के रोहिणी में बाइक टैक्सी से सफर कर रही 32 वर्षीय महिला ने चालक पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक महिला के साथ बाइक टैक्सी से सफर के दौरान कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. रोहिणी इलाके की इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. महिला का आरोप है कि जब उसने चालक को तेज रफ्तार में बाइक चलाने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा. पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय महिला ने शिकायत दी कि बाइक चालक ने उसके साथ गलत तरीके से छुआ, अश्लील बातें कीं और जान से मारने की धमकी भी दी. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इनमें महिला की मर्यादा भंग करने, अपमानजनक व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं.

आरोपी को किया गया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सचिन चौधरी के रूप में की, जो समयपुर बादली का रहने वाला है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पहले भी एक दहेज हत्या के मामले में शामिल रह चुका है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की और शनिवार को उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

क्या है पूरी घटना?

महिला ने पुलिस को बताया कि उसने गुरुवार दोपहर करीब 1:20 बजे एक ऐप के जरिए बाइक टैक्सी बुक की थी. उसे रोहिणी सेक्टर-15 से पीतमपुरा के एमपी ब्लॉक मार्केट जाना था. कुछ ही मिनटों में बाइक चालक पहुंच गया और वह बाइक पर बैठकर रवाना हो गई.महिला के अनुसार, सफर शुरू होते ही चालक तेज और लापरवाही से बाइक चलाने लगा. उसने चालक से धीरे चलाने का अनुरोध किया, लेकिन इस पर चालक भड़क गया और कहने लगा कि वह सही गति से गाड़ी चला रहा है. महिला ने माहौल बिगड़ने से बचने के लिए चुप रहना ही बेहतर समझा.

महिला का आरोप है कि कुछ ही देर बाद चालक ने जानबूझकर सड़क पर मौजूद बड़े गड्ढे में बाइक डाल दी, जिससे वे लगभग गिरने ही वाले थे. जब उसने फिर से सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा तो चालक ने उल्टा उसे ही सलाह देने लगा कि उसे बाइक की जगह टैक्सी लेनी चाहिए थी. महिला के मुताबिक, इसके बाद चालक का व्यवहार और आक्रामक हो गया. वह बार-बार गड्ढों में बाइक चलाने लगा और रास्ते में कई बार बाइक घुमाने लगा.

गलत रास्ते पर ले जाने और छेड़छाड़ का आरोप

महिला ने बताया कि कुछ समय बाद चालक ने रास्ता बदल लिया और दूसरी दिशा में जाने लगा. जब उसने उसे बताया कि वह गलत रास्ते पर जा रहा है तो चालक उस पर चिल्लाने लगा. इसी दौरान उसने महिला को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया और उसे धमकाने लगा.

महिला ने डर के कारण जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया. काफी देर बाद चालक ने उसे एक स्कूल के पास उतार दिया. उतरते समय भी आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मारने की कोशिश की, लेकिन महिला किसी तरह वहां से भागकर पास के स्कूल के शिक्षकों के पास पहुंच गई और उनसे मदद मांगी.

पुलिस ने शुरू की जांच

महिला ने शनिवार सुबह इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के मुताबिक, शिकायत मिलते ही पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया और ऐप के जरिए बाइक चालक की जानकारी जुटाई गई.

पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को ढूंढकर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उसकी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है. अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है.

उबर ने ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हटाया

घटना सामने आने के बाद कंपनी ने भी कार्रवाई की है. उबर के प्रवक्ता ने बताया कि जैसे ही मामला सामने आया, ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. कंपनी ने इस तरह की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उनके प्लेटफॉर्म पर ऐसी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं है. साथ ही कंपनी ने जांच में पुलिस को पूरा सहयोग देने की बात भी कही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो