दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं और बारिश से गिरा तापमान; IMD का येलो अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश से मौसम अचानक बदल गया. तापमान में गिरावट की संभावना है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कई राज्यों में भी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को चौंका दिया. पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी के बीच आई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मौसम में आए इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का असर है. इसके कारण रविवार को दिनभर मौसम बदलता रह सकता है. विभाग ने बताया है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और कई जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है.
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का अनुमान है कि आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर के इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए जानकारी दी है कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम और मानेसर जैसे इलाकों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी, करनाल, हिसार, पानीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत और बिजनौर जैसे इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
सोमवार को कैसा रहेगा तापमान
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 4.3 डिग्री ज्यादा था. वहीं न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक था. मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार तक मौसम में कुछ उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
पहाड़ी और अन्य राज्यों में भी बारिश की संभावना
दिल्ली के अलावा कई अन्य राज्यों में भी मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने यहां 18 मार्च तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.
वहीं झारखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. दूसरी ओर राजस्थान के अजमेर, जयपुर, भरतपुर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है.


