अनुराग डोभाल के आत्महत्या के प्रयास के बाद एल्विश यादव से रजत दलाल तक कई हस्तियों ने दी प्रतिक्रिया

अनुराग डोभाल ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की, जिसमें कार डिवाइडर से टकराने के बाद वह घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद मुनव्वर फारूकी, एल्विश यादव और प्रिंस नरूला समेत कई हस्तियों ने ट्रोलिंग की आलोचना करते हुए उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अनुराग डोभाल को सोशल मीडिया पर UK07 Rider और बाबू भैया के नाम से जाना जाता है. अनुराग इन दिनों एक गंभीर घटना के कारण सुर्खियों में हैं. हाल ही में उन्होंने एक वीडियो साझा कर अपने परिवार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे. इसके कुछ समय बाद 7 मार्च 2026 को इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उनका एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें वे कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश करते दिखाई दिए.

बाल-बाल बचे अनुराग

लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान अनुराग अपनी कार चलाते हुए नजर आए और वीडियो में उन्हें तेज रफ्तार में वाहन चलाकर डिवाइडर से टकराते देखा गया. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. हालांकि हादसे में वे बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्हें कई चोटें आईं. दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई.

चर्चित हस्तियों की प्रतिक्रिया

इस मामले पर कई चर्चित हस्तियों ने प्रतिक्रिया दी है. कॉमेडियन और रियलिटी शो विजेता मुनव्वर फारूकी ने एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान होता है और अपनी बात साझा करता है तो लोगों को उसका मजाक उड़ाने के बजाय उसे समझने की कोशिश करनी चाहिए. फारूकी ने बताया कि जब उन्होंने यह वीडियो देखा तो उन्होंने अनुराग से संपर्क करने की कोशिश की और उनके करीबी लोगों से भी बात की. उन्होंने यह भी कहा कि आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता.

इसी तरह यूट्यूबर एल्विश यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अनुराग के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि वे आमतौर पर किसी के निजी मामलों में हस्तक्षेप नहीं करते, लेकिन इस समय उनकी चिंता अनुराग के स्वास्थ्य को लेकर है.

प्रिंस नरूला ने क्या कहा? 

अभिनेता प्रिंस नरूला ने ट्रोल करने वालों पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि लोगों को किसी की स्थिति को समझे बिना मजाक नहीं बनाना चाहिए. कई लोग सोशल मीडिया पर यह तक पूछ रहे हैं कि वह जिंदा हैं या नहीं, जो बेहद शर्मनाक है.

अभिनेता अली गोनी ने क्या कहा? 

अभिनेता अली गोनी ने भी ट्रोलिंग की आलोचना करते हुए कहा कि अनुराग ने केवल अपने दिल की बात साझा करने की कोशिश की थी, लेकिन बदले में उन्हें मजाक और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा.

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर अपने परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि उनकी अंतरजातीय शादी से परिवार खुश नहीं था और उनकी पत्नी रितिका को घर में स्वीकार नहीं किया गया. अनुराग का दावा है कि परिवार के साथ चल रहे विवाद ने उनकी मानसिक स्थिति को काफी प्रभावित किया और हालात इतने बिगड़ गए कि उनकी पत्नी भी उनसे अलग हो गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag