विराट कोहली पर कीचड़ उछालने के लिए मिला ऑफर! जर्मन इंफ्लुएंसर ने किया बड़ा खुलासा

विराट कोहली की इंस्टाग्राम लाइक कंट्रोवर्सी पर पहली बार जर्मन मॉडल लिजलैज ने खुलकर बात की है. उन्होंने कई चौंकाने वाले दावे किए, जिनमें क्रिकेटर को लेकर फैलाई जा रही बातों और मिले ऑफर्स का भी जिक्र शामिल है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों जर्मन मॉडल और इंफ्लुएंसर लिजलैज का नाम तेजी से चर्चा में बना हुआ है. इसकी वजह बने भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली, जिन्होंने कथित तौर पर उनकी एक ग्लैमरस इंस्टाग्राम फोटो को लाइक किया था. इस छोटे से सोशल मीडिया एक्टिविटी ने देखते ही देखते इंटरनेट पर बड़ा बवाल खड़ा कर दिया और लिजलैज रातोंरात भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स के बीच वायरल हो गईं.

अब इस पूरे मामले पर खुद लिजलैज ने खुलकर बात की है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि शुरुआत में उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि विराट कोहली ने उनकी पोस्ट लाइक की है. बाद में जब सोशल मीडिया पर लगातार खबरें और पोस्ट्स सामने आने लगीं, तब उन्हें इस पूरे विवाद का पता चला.

“मेरे लिए ये सब अनरियल था”

फिल्मीमंत्रा के साथ बातचीत के दौरान लिजलैज ने कहा कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना नाम ट्रेंड करते देखा तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ. उनके मुताबिक, यह पल उनके लिए बेहद अलग और हैरान कर देने वाला था. उन्होंने बताया कि भारत और जर्मनी में इस खबर को बिल्कुल अलग तरीके से देखा गया. भारत में लोग यह जानने में दिलचस्पी दिखा रहे थे कि आखिर लिजलैज कौन हैं, जबकि जर्मनी में कई लोगों के लिए सवाल यह था कि विराट कोहली कौन हैं. लिजलैज ने कहा कि जर्मनी में क्रिकेट उतना लोकप्रिय नहीं है, इसलिए वहां के लोगों के लिए यह मामला काफी नया था.

विराट कोहली का किया बचाव

इंटरव्यू के दौरान लिजलैज ने साफ तौर पर कहा कि विराट कोहली की तरफ से कोई गलत इरादा नहीं था. उन्होंने कहा कि सिर्फ किसी पोस्ट को लाइक कर देना कोई बड़ी बात नहीं होती और इसे बेवजह विवाद का रूप दे दिया गया. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस वजह से विराट कोहली की छवि खराब करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. लिजलैज ने कहा कि विराट एशिया के सबसे बड़े स्पोर्ट्स आइकॉन्स में से एक हैं और उन्होंने उनकी तुलना फुटबॉल स्टार्स मेसी और रोनाल्डो से की. उनके मुताबिक, विराट को लेकर लोगों में जिस तरह की दीवानगी है, वह किसी इंटरनेशनल सुपरस्टार से कम नहीं है.

“कोहली के खिलाफ बोलने के लिए पैसे ऑफर हुए”

इस बातचीत के दौरान लिजलैज ने एक चौंकाने वाला दावा भी किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों और कथित पत्रकारों ने उन्हें विराट कोहली के खिलाफ बोलने के लिए पैसे ऑफर किए थे. लिजलैज के अनुसार, उनसे कहा गया कि वह ऐसी बातें बोलें जो विराट ने कभी कही ही नहीं. हालांकि उन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, “मैं ऐसा क्यों करूंगी? विराट मेरे पसंदीदा क्रिकेटर हैं. मैं किसी की छवि खराब करने के लिए झूठ नहीं बोल सकती.” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है. कई लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं.

विवाद के बाद बदली जिंदगी

लिजलैज ने यह भी माना कि इस पूरे विवाद के बाद उनके करियर को बड़ा फायदा मिला है. भारत में उनकी पहचान अचानक काफी बढ़ गई और उन्हें कई नए प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे. उन्होंने बताया कि उन्हें रियलिटी शोज, ब्रांड प्रमोशन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रस्ताव मिले हैं. कुछ प्रोजेक्ट्स के लिए उन्हें अच्छी रकम भी ऑफर की गई. 

हालांकि लिजलैज ने साफ कहा कि वह सिर्फ वही काम करेंगी जो उनकी सोच और मूल्यों के खिलाफ न हो. इंटरव्यू के आखिर में लिजलैज ने बॉलीवुड में काम करने की इच्छा भी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अच्छा मौका मिलता है, तो वह जरूर काम करना चाहेंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो