नहीं होगा 'है जवानी तो इश्क होना है' और 'टॉक्सिक' का क्लैश, वरुण धवन की फिल्म की नई रिलीज डेट हुई घोषित

वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज 5 जून से बढ़ाकर 12 जून कर दी गई है. यह फैसला यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की नई रिलीज डेट के बाद लिया गया.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: बॉलीवुड में अक्सर बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर टकराव देखने को मिलता है, लेकिन इस बार निर्माताओं ने आपसी समझदारी दिखाते हुए एक अलग फैसला लिया है. अभिनेता वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज डेट को एक हफ्ते के लिए आगे बढ़ा दिया गया है. पहले यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए 12 जून तक इंतजार करना होगा. यह फैसला यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ की नई रिलीज डेट सामने आने के बाद लिया गया है.

निर्माताओं ने जारी किया आधिकारिक बयान

फिल्म के निर्देशक डेविड धवन और टिप्स फिल्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश तौरानी ने एक संयुक्त बयान जारी कर रिलीज डेट में बदलाव की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि, "हम यह साफ करना चाहेंगे कि हमारी फिल्म है जवानी तो इश्क होना हाल असल में 5 जून को रिलीज होने वाली थी, यह तारीख हमने कई महीने पहले ही बता दी थी. लेकिन, हाल के डेवलपमेंट और मौजूदा हालात को देखते हुए, हमें लगा कि अपनी रिलीज को आगे बढ़ाना ज्यादा सही रहेगा."

निर्माताओं ने अपने बयान में यह भी कहा कि, "हमारा मानना ​​है कि जब फिल्म बनाने वाले एक ही तारीख पर बेवजह मुकाबला करने के बजाय एक-दूसरे को सपोर्ट करते हैं, तो यह इंडस्ट्री के लिए हमेशा अच्छा होता है. इसी एकता की भावना के साथ, हमने 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज को 12 जून तक आगे बढ़ाने और अपनी फिल्म को दर्शकों के सामने एक हफ्ते बाद लाने का फैसला किया है."

प्रमोशन योजना में नहीं होगा बदलाव

रिलीज डेट बदलने के बावजूद फिल्म की प्रमोशन रणनीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है. फिल्म की टीम पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ट्रेलर और गानों को लॉन्च करेगी. इससे उम्मीद की जा रही है कि जून के मध्य में होने वाली नई रिलीज से पहले फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह बना रहेगा. इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े के अलावा चंकी पांडे, अली असगर, राजेश कुमार, राकेश बेदी और कुब्रा सैत जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

यश की ‘टॉक्सिक’ की रिलीज भी बदली

दरअसल, इस बदलाव की वजह यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की नई रिलीज डेट है. पहले यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे 4 जून 2026 को दुनिया भर में रिलीज करने का फैसला किया गया है. फिल्म की टीम ने बताया कि ‘टॉक्सिक’ को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय दर्शक वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है. यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी भाषाओं में शूट की गई है और इसे वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा.

निर्माताओं के अनुसार मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर मध्य पूर्व में चल रही अस्थिरता ने फिल्म की रिलीज रणनीति को प्रभावित किया है. ऐसे माहौल में फिल्म को पहले तय तारीख पर रिलीज करना सही नहीं माना गया. इसी कारण फिल्म की टीम ने सोच-समझकर रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया. अब ‘टॉक्सिक’ 4 जून 2026 को अंग्रेजी और कई भारतीय भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

गौरतलब है कि पहले ‘टॉक्सिक’ की टक्कर फिल्म ‘धुरंधर पार्ट 2’ से होने वाली थी, जो अभी भी 19 मार्च को रिलीज होने वाली है. लेकिन नई तारीखों के कारण अब बॉक्स ऑफिस पर संभावित टकराव से बचने की कोशिश की गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag