16 साल बाद भारत छोड़कर जा रही हैं मंदाना करीमी, बोलीं- ‘यहां सुरक्षित महसूस नहीं करती’

मंदाना करीमी ने 16 साल बाद भारत छोड़ने का फैसला लिया है. एक्ट्रेस ने सुरक्षा कारणों और लगातार मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह फैसला उनके लिए बेहद मुश्किल, लेकिन जरूरी था.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: ईरानी अभिनेत्री और मॉडल मंदाना करीमी ने भारत छोड़ने का फैसला लेकर अपने फैंस को भावुक कर दिया है. करीब 16 साल तक भारत में रहने, काम करने और अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा यहां बिताने के बाद अब उन्होंने नई शुरुआत के लिए देश छोड़ दिया है. मंदाना ने सोशल मीडिया पर खुद इस बात की जानकारी दी और बताया कि यह फैसला उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था. उन्होंने भारत को अपना “दूसरा घर” बताया, लेकिन सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा.

मंदाना करीमी ने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ सवाल-जवाब सेशन किया. इसी दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि क्या वह हमेशा के लिए मुंबई छोड़ रही हैं और क्या उन्हें इस शहर की याद आएगी. इसके जवाब में मंदाना ने एयरपोर्ट से एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें भारत को अलविदा कहना पड़ेगा. 16 साल तक यहां रहने के बाद अब वह नई जिंदगी शुरू करने जा रही हैं. उन्होंने कहा कि नया देश, नया घर और नई शुरुआत उनके सामने है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं.

किस देश में जाएंगी मंदाना?

हालांकि मंदाना ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि वह किस देश में बसने वाली हैं, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि वह ईरान वापस नहीं लौटेंगी. कुछ महीने पहले भी उन्होंने इस बारे में खुलकर बात की थी. मंदाना के मुताबिक, करीब 10 साल पहले उन्हें ईरान में बैन कर दिया गया था. ऐसे में वहां लौटना उनके लिए संभव नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि भारत छोड़ने का फैसला आसान नहीं था, लेकिन हालात ऐसे बन गए थे कि उन्हें यह कदम उठाना पड़ा.

भारत में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं एक्ट्रेस

मंदाना ने दावा किया कि पिछले कुछ समय से उन्हें भारत में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ था. यहां तक कि वह अपने करीबी लोगों को भी अपनी लोकेशन नहीं बता पा रही थीं. उन्होंने बताया कि ईरान से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखना उनके लिए मुश्किल बन गया. कुछ दोस्तों ने उनसे दूरी बना ली और सोशल मीडिया पर भी उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.

ईरान को लेकर दिए थे बयान

मंदाना करीमी पहले भी अपने राजनीतिक और सामाजिक बयानों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं. उन्होंने ईरान के हालात और वहां के नेतृत्व को लेकर कई बार खुलकर अपनी राय रखी थी. इसी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा. जब ईरान और अन्य देशों के बीच तनाव बढ़ा था, तब भी मंदाना ने वहां के आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि वह हमेशा अपने देश के लोगों के लिए चिंतित रहती हैं, लेकिन उनके विचारों की वजह से उन्हें काफी विरोध झेलना पड़ा.

18 साल की उम्र में छोड़ा था ईरान

मंदाना करीमी का बचपन ईरान में बीता, लेकिन उन्होंने 18 साल की उम्र में देश छोड़ दिया था. इसके बाद वह भारत आईं और यहां मॉडलिंग व एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने कई विज्ञापनों, फिल्मों और टीवी शोज में काम किया. रियलिटी शो बिग बॉस से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली. 

इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई. हालांकि पिछले कुछ सालों से मंदाना एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं. वह आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘थार’ में नजर आई थीं. इसके बाद उन्होंने किसी बड़े प्रोजेक्ट में काम नहीं किया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो