पाकिस्तान में मचा शोक! आशा भोसले के निधन पर PAK सितारों ने जताया दुख, सोशल मीडिया पर दी श्रंद्धाजलि

आज आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके निधन से सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पकिस्तान में भी गहरा दुख देखने को मिला है. पाकिस्तानी फिल्म और संगीत से कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रंद्धाजलि दी है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: आशा भोसले के निधन से सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी गहरा दुख फैल गया है. पाकिस्तानी फिल्म और संगीत जगत के कई बड़े सितारे सोशल मीडिया पर उनकी याद में भावुक हो रहे हैं. आशा जी की मधुर आवाज ने सरहदों के पार भी लोगों के दिलों पर राज किया था. उनके जाने से वहां भी एक युग का अंत माना जा रहा है.

पाक सितारों का दुख

पाकिस्तानी सिंगर और एक्टर अली जफर ने आशा भोसले की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि उनकी आवाज आने वाली कई पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी. ऐसी आवाजें समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं, बल्कि इतिहास का हिस्सा बन जाती हैं. 

एक्टर अदनान सिद्दीकी ने भावुक होकर लिखा, “आशा भोसले जी को श्रद्धांजलि. रात अकेली है... आपकी आवाज में वो जादू था जो सबसे सूने पलों को भी इंसानी एहसास से भर देता था. आज वो ही खामोशी बहुत भारी लग रही है. आपने हमें जो भावनाएं दीं, उसके लिए शुक्रिया. आप खुद एक खूबसूरत याद बन गईं.”

अहमद अली बट ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “अमर धुनों के लिए शुक्रिया.”सिंगर शुजा हैदर ने कहा कि आशा भोसले की आवाज पूरी दुनिया तक पहुंची. उन्होंने लाखों लोगों को प्रेरणा दी और उनका नाम हमेशा दुनिया के महान संगीतकारों में लिया जाएगा. एक खास अध्याय का अंत हो गया है. उनकी आत्मा को शांति मिले. यासिर हुसैन और कई अन्य पाकिस्तानी कलाकारों ने भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया.

आशा भोसले का निधन

आशा भोसले की तबीयत अचानक बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुरुआत में कार्डियक अरेस्ट की खबर आई थी, लेकिन बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया कि उन्हें चेस्ट इंफेक्शन और ज्यादा थकान की वजह से अस्पताल में रखा गया था.

अस्पताल में भर्ती होने के एक दिन बाद 12 अप्रैल 2026 को आशा भोसले ने अंतिम सांस ली. 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन पूरे संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है.

सदमे की लहर

आशा भोसले सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का हिस्सा थीं. उनकी आवाज में वो जादू था जो भाषा और सरहदों से परे लोगों को जोड़ता था.

पाकिस्तान के कलाकारों का दुख जताना इसी बात की गवाही देता है कि अच्छी संगीत की सराहना हर जगह होती है. आशा भोसले की याद में आज दोनों देशों में खामोशी छाई हुई है. उनकी अमर धुनें हमेशा लोगों के दिलों में गूंजती रहेंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो