चुनाव से ठीक पहले BJP को बड़ा झटका, नेताजी सुभाष बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस TMC में शामिल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले BJP को बहुत बड़ा झटका लगा है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस ने आज बीजेपी के साथ छोड़ TMC में शामिल हो गए हैं.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले BJP को बड़ा झटका लगा है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए. इस घटना ने बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी है.
TMC में शामिल होने के बाद क्या बोले चंद्र कुमार बोस?
TMC में शामिल होते ही चंद्र कुमार बोस ने कहा, “अब मैं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर बंगाल की जनता की सेवा करूंगा.” उन्होंने BJP में शामिल होने को अपनी ‘ऐतिहासिक गलती’ बताया.
उन्होंने कहा कि अगर किसी पार्टी का एकमात्र उद्देश्य चुनाव जीतने के लिए लोगों के बीच सांप्रदायिक विभाजन और ध्रुवीकरण पैदा करना है, तो मैं इसे कभी स्वीकार नहीं कर सकता. सांप्रदायिकता का मुकाबला सांप्रदायिकता से नहीं किया जा सकता. हमें सभी समुदायों को एकजुट करके राष्ट्र की एकता की रक्षा करनी चाहिए.
SIR पर तीखी आलोचना
चंद्र कुमार बोस ने पश्चिम बंगाल में चल रहे Special Intensive Revision (SIR) की भी कड़ी आलोचना की. उन्होंने दावा किया कि राज्य में करीब 90 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, जिनमें कई सच्चे मतदाता भी शामिल हैं.
उन्होंने नागरिक समाज, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रगतिशील लोगों से अपील की कि वे इस मुद्दे पर आवाज उठाएं. उन्होंने कहा, “बंगाल के क्रांतिकारी लोग इस अपमान को चुपचाप सहन नहीं करेंगे.”
चुनावी माहौल पर असर
यह घटना विधानसभा चुनाव से महज कुछ दिन पहले हुई है. बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी. नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.
2021 के चुनाव में TMC ने 213 सीटें जीती थी, जबकि BJP को 77 सीटें मिली थी. इस बार भी दोनों दलों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है. चंद्र कुमार बोस जैसे एक बड़े नाम के TMC में शामिल होने को ममता बनर्जी की पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक लाभ माना जा रहा है, जबकि BJP के लिए यह करारा झटका है.


