ललितपुर में खुदाई के दौरान मिला ‘खजाना’? 16 सोने की ईंटों से मचा हड़कंप

ललितपुर में मंदिर निर्माण के दौरान खुदाई में कथित रूप से सोने जैसी ईंटें मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. हालांकि पूजा के बाद उन्हें दोबारा दबा दिया गया और बाद में उनके गायब होने की बात सामने आई, लेकिन प्रशासन ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां एक मंदिर के निर्माण कार्य के दौरान खुदाई करते समय जमीन के भीतर से कुछ चमकती हुई वस्तुएं मिलने की बात कही जा रही है. जैसे ही यह खबर फैली कि जमीन से खजाना निकला है, आसपास के गांवों में भी चर्चा तेज हो गई और लोग मौके की ओर आकर्षित होने लगे.

पिलर की खुदाई के दौरान मिली ईंटें

जानकारी के अनुसार, तालबेहट क्षेत्र के सुनौरी गांव में स्थित सवालखिया गौड़ बब्बा स्थान पर मंदिर निर्माण के लिए पिलर की खुदाई की जा रही थी. गुरुवार शाम करीब छह बजे जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान मशीन के पंजे में कपड़े में लिपटी एक पीतल की पोटली जैसी वस्तु निकली. जब वहां मौजूद लोगों ने उत्सुकतावश कपड़ा हटाकर देखा, तो उसके अंदर करीब 16 छोटी-छोटी सोने जैसी ईंटें दिखाई दीं. इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और यह खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई.

ग्रामीणों के मुताबिक, इन ईंटों को निकालने के बाद उन्हें साफ किया गया और फिर धार्मिक आस्था के तहत गौड़ बाबा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की गई. पूजा के बाद इन ईंटों को दोबारा उसी स्थान पर गहराई में दबा दिया गया. हालांकि, बाद में यह दावा किया गया कि रात के समय ये ईंटें रहस्यमय ढंग से गायब हो गईं. जब अगली बार ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वहां कुछ भी नहीं मिला, जिससे लोगों में चिंता और उत्सुकता दोनों बढ़ गई हैं.

लोगों का क्या कहना है? 

कुछ लोगों का कहना है कि इन कथित सोने की ईंटों पर ‘6965’ अंक भी अंकित था. वहीं, घटना के समय एक कथित तांत्रिक के मौजूद होने की चर्चा भी सामने आ रही है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. फिलहाल इस पूरे प्रकरण की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन को इसकी औपचारिक सूचना दी गई है.

इस घटना ने लोगों को कुछ महीने पहले फिरोजाबाद में घटी एक समान घटना की याद दिला दी है, जहां खेत की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्कों से भरा एक मटका मिला था. उस समय भी सिक्कों को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी. फिलहाल ललितपुर की यह घटना इलाके में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो