राजपाल यादव केस: चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को लेकर उनके मैनेजर गोल्डी का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है. गोल्डी ने दावा किया है कि बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे इस मुश्किल घड़ी में राजपाल यादव के समर्थन में खड़े हैं और आर्थिक व कानूनी मदद के लिए आगे आए हैं.
उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी सुनवाई में राजपाल यादव को जमानत मिल सकती है. मैनेजर के अनुसार, इंडस्ट्री का सहयोग लगातार मिल रहा है और परिवार मानसिक रूप से मजबूत बना हुआ है.
गोल्डी ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, 'बहुत से लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं. सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे एक्टर्स ने अपना सपोर्ट दिया है. मैं अभी डेविड धवन के साथ कॉल पर था, उन्होंने भी मदद की है. रतन नैन, वरुण धवन.इस बार बहुत से लोग उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, जिसकी राजपाल ने बहुत तारीफ की है.'
उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री से लगातार समर्थन मिल रहा है और राजपाल यादव ने भी इस सहयोग की सराहना की है.
जब गोल्डी से पूछा गया कि क्या राजपाल यादव ने तिहाड़ में आत्मसमर्पण करने से पहले अपने सह-कलाकारों से मदद मांगी थी, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, 'मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहूंगा.'
फिल्म इंडस्ट्री की भूमिका पर गोल्डी ने कहा, 'इंडस्ट्री उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी है. इसकी तारीफ होनी चाहिए. सबने कमिटमेंट किए हैं, लेकिन ऐसे ट्रांजैक्शन रातों-रात नहीं होते.'
उनके अनुसार, मदद के आश्वासन मिल चुके हैं, हालांकि प्रक्रिया में समय लगता है.
राजपाल यादव की रिहाई को लेकर गोल्डी ने उम्मीद जताई. उन्होंने कहा, 'मेंटली, परिवार को मजबूत रहना होगा. राजपाल भाई खुद बहुत मजबूत हैं. घर पर कई सेलिब्रेशन भी हैं, फरवरी के आखिर में फैमिली फंक्शन होने हैं. हर कोई चाहता है कि राजपाल भाई तब तक बाहर आ जाएं. उम्मीद है, वह कल तक बाहर आ जाएंगे.'
आगे जानकारी देते हुए गोल्डी ने कहा, 'कल उनकी बेल पर सुनवाई होनी है. हमें उम्मीद है कि उन्हें बेल मिल जाएगी. उन्हें रिहा कर दिया जाएगा. बेल एप्लीकेशन पहले ही फाइल कर दी गई है. हम कल सुनवाई के बाद और डिटेल्स शेयर कर पाएंगे.'
इससे पहले सोनू सूद, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी, KRK और म्यूजिक डायरेक्टर राव इंद्रजीत यादव समेत कई नामी हस्तियों ने सार्वजनिक रूप से राजपाल यादव के समर्थन का ऐलान किया था.
चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने 4 फरवरी को आत्मसमर्पण का आदेश दिया था. इसके बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी की शाम को सरेंडर किया. जेल में बिताए जा रहे इन दिनों के बीच उनका भावुक बयान, 'न पैसे हैं और न दोस्त', सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कई सितारे उनके समर्थन में सामने आए. First Updated : Wednesday, 11 February 2026