‘राजा शिवाजी’ में सलमान की एंट्री ने जीता दर्शकों का दिल, वायरल हो रहा फर्स्ट लुक
रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ रिलीज होते ही चर्चा में है. वहीं इस मल्टी-स्टारर फिल्म में सलमान खान का छोटा लेकिन दमदार कैमियो देखकर दर्शक काफी उत्साहित हैं. सोशल मीडिया पर सलमान का लुक तेजी से वायरल हो रहा है.

बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ आज थिएटर्स में रिलीज हो गई है. खास बात यह है कि इस फिल्म को उन्होंने खुद डायरेक्ट भी किया है. फिल्म की कहानी महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके स्वराज के संघर्ष पर आधारित है, जिसमें उन्होंने मुगलों के खिलाफ अपनी ताकत दिखाई थी. इस ऐतिहासिक किरदार को खुद रितेश निभा रहे हैं.
‘राजा शिवाजी’ सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म नहीं, बल्कि एक भव्य मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट है. इसमें कई बड़े कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं. अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, विद्या बालन, बोमन ईरानी, महेश मांजरेकर और भाग्यश्री जैसे कलाकार फिल्म को और मजबूत बनाते हैं. इन सभी की मौजूदगी फिल्म को और भी भव्य और दिलचस्प बनाती है.
सलमान खान का दमदार कैमियो
फिल्म में सलमान खान का खास कैमियो भी देखने को मिल रहा है, जिसने दर्शकों को उत्साहित कर दिया है. रितेश पहले ही बता चुके थे कि सलमान फिल्म का हिस्सा हैं, लेकिन उनके किरदार को लेकर सस्पेंस रखा गया था. अब फिल्म रिलीज होने के बाद साफ हो गया है कि सलमान ने शिवाजी महाराज के वफादार अंगरक्षक जिवा महाले का रोल निभाया है.
सोशल मीडिया पर उनका लुक तेजी से वायरल हो रहा है. भगवा पगड़ी, पारंपरिक पोशाक, माथे पर तिलक और मूंछों के साथ उनका रूप काफी प्रभावशाली दिख रहा है. उनकी एंट्री भी बेहद दमदार तरीके से होती है, जहां वे अपने राजा की रक्षा के लिए दुश्मनों से भिड़ते नजर आते हैं.
#SalmanKhan as JIVA MAHAL in #RajaShivaji 🔥🗡️
— A.S (@MrAs8010) May 1, 2026
Ritesh Deshmukh really brings out Salman Khan's INTENSE SCREEN PRESENCE in this one..💥💥⚡
What a FIERY CAMEO..!!! 👏🏼👏🏼🔥🔥🔥 pic.twitter.com/9IeXgonpfl
थिएटर्स में उनका छोटा सा सीन भी दर्शकों के लिए खास बन गया है. जैसे ही वे स्क्रीन पर आते हैं, माहौल तालियों और सीटियों से गूंज उठता है. खास बात यह है कि सलमान फिल्म में मराठी भाषा में डायलॉग बोलते नजर आते हैं, जो दर्शकों को और भी पसंद आ रहा है.
कैसे फिल्म का हिस्सा बने सलमान खान?
सलमान खान का इस फिल्म में होना पहले से तय नहीं था. खुद रितेश देशमुख ने एक इंटरव्यू में बताया कि सलमान ने खुद इस फिल्म में काम करने की इच्छा जताई थी. रितेश के अनुसार, उनकी पिछली फिल्मों ‘लय भारी’ और ‘वेद’ में भी सलमान का सहयोग रहा है.
जब सलमान को पता चला कि ‘राजा शिवाजी’ में उनके लिए कोई रोल नहीं है, तो उन्होंने मजाक-मजाक में ही सही, लेकिन फिल्म में शामिल होने की जिद कर दी. रितेश ने इस बात को अपनी और सलमान की गहरी दोस्ती का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि यह रिश्ता सिर्फ काम का नहीं, बल्कि आपसी भरोसे और अपनापन का है, जिसकी झलक इस फिल्म में भी देखने को मिलती है.


