राम चरण-उपासना के घर गुंजी जुड़वा बच्चों की किलकारी, दादा चिरंजीवी के लिए 2026 लकी!

साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी के बेटे राम चरण और उपासना के घर जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ है. एक बेटा और एक बेटी के आगमन से परिवार में खुशी का माहौल है. मां और बच्चे स्वस्थ हैं.

Shraddha Mishra

साउथ सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी के घर इस समय जश्न का माहौल है. साल 2026 उनके लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है. एक तरफ उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, तो दूसरी ओर परिवार में नन्हीं किलकारियों ने खुशियां दोगुनी कर दी हैं. उनके बेटे और अभिनेता राम चरण दूसरी बार पिता बन गए हैं. राम चरण की पत्नी उपासना ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं.

इस खास पल को चिरंजीवी ने अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया के जरिए साझा किया. उन्होंने बताया कि राम चरण और उपासना के घर जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि मां और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं. दादा बनने की खुशी जाहिर करते हुए चिरंजीवी ने इसे ईश्वर की कृपा बताया और सभी शुभकामनाओं के लिए फैंस का आभार व्यक्त किया. उनकी इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई. फैंस और सेलेब्रिटीज लगातार परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं.

फैंस ने दी दिल से बधाई

राम चरण और उपासना की जोड़ी को पहले से ही फैंस का खूब प्यार मिलता रहा है. अब जुड़वा बच्चों के जन्म की खबर ने चाहने वालों की खुशी और बढ़ा दी है. कई फैंस ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. चिरंजीवी का परिवार साउथ इंडस्ट्री का बड़ा और प्रभावशाली परिवार माना जाता है. उनके भाई पवन कल्याण भी प्रसिद्ध अभिनेता हैं और वर्तमान में आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम हैं. ऐसे में यह परिवार हमेशा चर्चा में रहता है.

70 साल की उम्र में भी चिरंजीवी अपने परिवार के साथ खास समय बिताते नजर आते हैं. वे अक्सर सोशल मीडिया पर परिवार के साथ बिताए पलों की झलक साझा करते रहते हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वे चाहते थे उनका परिवार भी फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा और मजबूत नाम बने. राम चरण और उपासना की शादी साल 2012 में हुई थी. साल 2023 में उनके घर बेटी का जन्म हुआ था. अब जुड़वा बच्चों के आगमन से परिवार और भी खुशहाल हो गया है.

चिरंजीवी के लिए 2026 खास!

साल 2026 चिरंजीवी के लिए बेहद खास साबित हो रहा है. उनकी हालिया फिल्म ने दुनिया भर में शानदार कमाई की है और 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. अब फिल्मी सफलता के साथ-साथ पारिवारिक खुशियों ने भी उनके जीवन को और रोशन कर दिया है. कुल मिलाकर, यह साल चिरंजीवी और उनके परिवार के लिए यादगार बनता जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag