गुजरात में आप नेताओं को जमानत, अरविंद केजरीवाल ने BJP पर साधा निशाना
किसानों की आवाज उठाने के आरोप में कई महीनों से जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता राजूभाई करपड़ा, प्रवीण राम और उनके अन्य साथियों को अदालत से जमानत मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे 'सच की जीत' करार दिया है.

गुजरात में किसानों के मुद्दों को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के नेताओं को जमानत मिलने को लेकर सियासी हलचल तेज़ हो गई है. किसानों की आवाज उठाने के आरोप में कई महीनों से जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता राजूभाई करपड़ा, प्रवीण राम और उनके अन्य साथियों को अदालत से जमानत मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे 'सच की जीत' करार दिया है.
भाजपा सरकार पर केजरीवाल का आरोप
उन्होंने इस फैसले को न्याय की जीत बताते हुए गुजरात की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गुजरात में किसानों की आवाज को दबाने के लिए सत्ता पक्ष ने दमन और साजिश का रास्ता अपनाया, लेकिन अदालत में सच्चाई सामने आ गई. उन्होंने लिखा कि 'सत्यमेव जयते' और यह साबित हो गया कि अन्याय कितने भी समय तक चले, अंत में जीत सच्चाई की ही होती है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजूभाई करपड़ा और प्रवीण राम जैसे नेता सिर्फ किसानों के हक़ की बात कर रहे थे. उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने गुजरात के किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की. इसी वजह से उन्हें महीनों तक जेल में रखा गया. आम आदमी पार्टी प्रमुख का कहना है कि भाजपा सरकार ने किसानों की आवाज को कुचलने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया, लेकिन कोर्ट के फैसले ने उन सभी आरोपों को बेबुनियाद साबित कर दिया.
'AAP' किसी भी हाल में डरने या झुकने वाली नहीं: केजरीवाल
उन्होंने यह भी साफ किया कि आम आदमी पार्टी किसी भी हाल में डरने या झुकने वाली नहीं है. केजरीवाल के मुताबिक, भाजपा की जेल, डर और दमन की राजनीति से न तो गुजरात के किसान पीछे हटेंगे और न ही आम आदमी पार्टी अपने संघर्ष से समझौता करेगी. यह लड़ाई सिर्फ कुछ नेताओं की रिहाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गुजरात के किसानों के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ी हुई है.
केजरीवाल ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के हक़ की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी. उन्होंने दावा किया कि गुजरात में किसानों की आवाज को दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा. पार्टी ने इसे गुजरात के सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताया है.
अंत में केजरीवाल ने दोहराया कि यह संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि अब और तेज़ होगा. उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाकर ही दम लेगी.


