थार की दीवानगी में बने चोर! पड़ोसी के घर से चुराए 20 लाख रुपए, रील में देखी थी गाड़ी

ग्रेटर नोएडा के जेवर में 20 लाख रुपये चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया. चार नाबालिगों ने थार गाड़ी खरीदने की चाह में वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर रकम का हिस्सा बरामद किया है.

Shraddha Mishra

ग्रेटर नोएडा: जेवर क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपये की चोरी का मामला में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस वारदात ने परिवार को सदमे में डाल दिया था, वह कुछ ही दिनों में पुलिस की सक्रियता से सुलझ गई. इस मामले में पुलिस ने चार नाबालिग लड़कों को कस्टडी में लिया है, जिन्होंने महंगी थार गाड़ी खरीदने के लिए चोरी की साजिश रची थी.

जेवर निवासी पार्श्व ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर की अलमारी में रखे 20 लाख रुपये अचानक गायब हो गए हैं. घटना उस समय की है जब घर में कोई मौजूद नहीं था. परिवार के लौटने पर अलमारी का लॉक टूटा मिला और उसमें रखी पूरी रकम गायब थी. पीड़ित ने बताया कि यह रकम जमीन बेचने के बाद मिली थी और उसे सुरक्षित रखने के लिए घर की अलमारी में रखा गया था. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

सीसीटीवी और पूछताछ से खुला राज

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई. जांच के दौरान चार नाबालिगों पर शक गहराया, जिन्हें जेवर ऋषि रोड के पास से कस्टडी में लिया गया. उनके पास से 2 लाख रुपये बरामद किए गए. पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी पीड़ित के पड़ोसी हैं. इनमें से एक लड़का अक्सर पीड़ित के घर आता-जाता था. उसी ने अलमारी में रखी बड़ी रकम देख ली थी. इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई.

दीवार फांदकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, जब घर खाली मिला तो चारों लड़के दीवार फांदकर अंदर घुसे. उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ा और 20 लाख रुपये लेकर फरार हो गए. बाद में पैसे अलग-अलग जगह छुपा दिए गए. पूछताछ में लड़कों ने बताया कि उन्हें काले रंग की थार गाड़ी बेहद पसंद थी. वे सोशल मीडिया पर अक्सर इस गाड़ी की रील देखते थे और उसे खरीदने का सपना देख रहे थे. इसी चाहत में उन्होंने यह गलत कदम उठा लिया.

पुलिस ने तेजी से की कार्रवाई 

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. मैन्युअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया. चोरी की रकम का हिस्सा बरामद कर लिया गया है और बाकी रकम की तलाश जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag