पटना में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरे ऑटो को ट्रक ने रौंदा, 6 की मौत; 2 गंभीर घायल

पटना में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मनेर दरगाह से उर्स मेला देखकर लौट रहे एक परिवार का ऑटो तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही कई जिंदगियां खत्म हो गईं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

पटना: पटना जिले के बिहटा इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मनेर दरगाह से उर्स मेला देखकर लौट रहे एक परिवार का ऑटो तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही कई जिंदगियां खत्म हो गईं.

हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. इस दुर्घटना में ऑटो सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.

बिहटा-आरा मुख्य मार्ग पर तड़के हुआ हादसा

यह हादसा रविवार अहले सुबह बिहटा-आरा मुख्य मार्ग पर परेव लेखन टोला के समीप हुआ. जानकारी के अनुसार, ऑटो सवार सभी लोग मनेर के उर्स मेला से लौटकर भोजपुर जिले के आरा अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान आरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बेलगाम ट्रक ने ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी.

ऑटो के उड़े परखच्चे, मौके पर मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिहटा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची.

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

बिहटा पुलिस ने मौके से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की और गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

एक ही परिवार के थे सभी ऑटो सवार

सूत्रों के मुताबिक, ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के आरा स्थित चिक टोली निवासी गुड्डू कुमार (33), मो. इम्तियाज उर्फ बुलेट (30), मो. सहजाद (22), दौलतपुर निवासी मो. शहजाद की तीन वर्षीय पुत्री शफना और डेढ़ वर्षीय पुत्र मो. अस्फी के रूप में हुई है. वहीं एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

उर्स मेला से लौटते वक्त बुझ गया पूरे परिवार का चिराग

बताया जा रहा है कि सभी लोग मनेर दरगाह पर उर्स मेला देखने के बाद रविवार सुबह ऑटो से आरा लौट रहे थे. इसी दौरान लेखन टोला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे यह दिल दहला देने वाला हादसा हो गया.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag