Entertainment Desk: इरफान खान – नाम ही काफी है. न सिर्फ एक शानदार एक्टर, बल्कि वो इंसान भी जो सही बात कहने से कभी नहीं कतराया. चाहे फिल्मों में अपने किरदारों से हो या असल जिंदगी में अपने जवाबों से, इरफान हमेशा दिल जीत लेते थे. अब उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक लाइन में पाकिस्तान को ऐसा जवाब दे दिया कि लोग आज भी तालियां बजा रहे हैं.
इस वायरल क्लिप में पाकिस्तान के एक पत्रकार ने इरफान से कहा था – "हम आपको बहुत पसंद करते हैं, उम्मीद है आप पाकिस्तान आएंगे. ये हमारे लिए गर्व की बात होगी." इस पर इरफान खान ने बड़े ही शांत लेकिन करारे अंदाज़ में जवाब दिया –
"आ तो जाऊंगा, लेकिन वापस आऊंगा या नहीं…" बस, इतना कहते ही वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे और बात वहीं खत्म हो गई. जवाब छोटा था, लेकिन असर बहुत बड़ा.
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से तनाव गहराने लगा. इस हमले के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया. ऐसे माहौल में जब देशभक्ति और राष्ट्र की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज है, तो इरफान खान का ये पुराना जवाब लोगों के दिलों को छू गया है.
एक यूज़र ने वीडियो पर कमेंट करते हुए कहा, 'आज हमारे पास S-400 और आकाशतीर जैसे शक्तिशाली हथियार हैं, लेकिन उस समय पाकिस्तान को जवाब देने के लिए इरफान खान ही काफी थे.
इरफान खान को उनकी गहरी एक्टिंग, साधारण अंदाज़ और साफ सोच के लिए जाना जाता था. उनकी फिल्मों की तरह उनके शब्दों में भी गहराई होती थी. विदेशों में भी उनकी खूब तारीफ होती थी और पाकिस्तान में भी उनके फैन थे. लेकिन जब बात देश की गरिमा की आई, तो उन्होंने किसी भी तरह का दिखावा नहीं किया – सीधा, सटीक और सच्चा जवाब दिया.
22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिर्फ जवाब नहीं दिया, बल्कि ये दिखा दिया कि अब चुप बैठने का समय नहीं है. ऑपरेशन सिंदूर के तहत जवाबी हमला हुआ, चार दिन तक ड्रोन अटैक और मिसाइल फायर हुए, और फिर जाकर सीजफायर की घोषणा हुई.
इरफान खान का वो जवाब सिर्फ पाकिस्तान को नहीं बल्कि हम सबको याद दिलाता है कि शब्दों में भी ताकत होती है. आज जब देश अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए हर मोर्चे पर तैयार है, तो एक पुराना वीडियो हमें ये सिखा जाता है – कभी-कभी एक लाइन ही काफी होती है, देश का मान बढ़ाने के लिए. First Updated : Wednesday, 14 May 2025