'धुरंधर 2' से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच 'टॉक्सिक' का रिलीज डेट हुआ चेंज, यश ने बताई वजह

यश की अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक' का रिलीज डेट बदल गया है. केवीएन प्रोडक्शंस ने आज घोषणा की है कि 19 मार्च की जगह अब यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' की रिलीज में बड़ा बदलाव आ गया है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को आने वाली थी, लेकिन अब इसे 4 जून 2026 तक टाल दिया गया है.

इस फैसले के पीछे मुख्य वजह मध्य पूर्व में चल रहा तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ता संघर्ष बताया जा रहा है. वहीं, रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (धुरंधर 2) अब 19 मार्च को बिना किसी टक्कर के रिलीज होगी.

मध्य पूर्व के तनाव ने बदली रिलीज की योजना

यश ने अपने प्रोडक्शन हाउस मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स और केवीएन प्रोडक्शंस की ओर से 4 मार्च को एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि मध्य पूर्व में मौजूदा अनिश्चितता और अस्थिर स्थिति के कारण फिल्म को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही है. खासकर गल्फ देशों में सिनेमाघरों के कामकाज पर असर पड़ रहा है, जो फिल्म के लिए बड़ा बाजार है. इसलिए फिल्म की रिलीज तारीख बदलनी पड़ी.

निर्माताओं ने अपने वितरण साझेदार फार्स फिल्म्स की सलाह पर यह कदम उठाया. बयान में लिखा, "हम दर्शकों की समझ और धैर्य के लिए शुक्रिया अदा करते हैं.आपके प्यार और समर्थन की उम्मीद बनी रहेगी."

Toxic
Toxic

'टॉक्सिक' की खासियत और कलाकार

गीतु मोहनदास द्वारा निर्देशित 'टॉक्सिक' को यश ने खुद सह-लेखन किया है. यह फिल्म अंग्रेजी और कन्नड़ में बनी है और इसे दुनिया भर के दर्शकों से जोड़ने के मकसद से तैयार किया गया है. फिल्म में यश के अलावा नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं.

फिल्म का पहला गाना 'तबाही' 2 मार्च को रिलीज हुआ था, जिसकी खूब तारीफ हुई, लेकिन वीडियो न आने से फैंस थोड़े नाराज भी थे. 8 मार्च को बेंगलुरु में ट्रेलर लॉन्च की योजना थी, लेकिन अब रिलीज डेट बदलने से ये सब प्रभावित हुआ है.

'धुरंधर 2' को मिला फायदा

रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर: द रिवेंज' अब 19 मार्च को अकेले सिनेमाघरों में आएगी. आदित्या धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में संजय दत्त, अक्षय खन्ना जैसे कलाकार भी हैं. पहले यह यश की 'टॉक्सिक' से टकराने वाली थी, लेकिन अब बिना क्लैश के रिलीज हो रही है. यह फिल्म ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी जैसे त्योहारों के वीकेंड पर आएगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag