जंग के कारण खत्म हो जाएगा पेट्रोल? खबर सुनते ही पंप पर उमड़ी भीड़, रातभर लगी गाड़ियों की लंबी कतार

इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से छत्रपति संभाजीनगर में पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लंबी कतारें लग गईं और पुलिस बुलानी पड़ी. डीलर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि शहर में फ्यूल की कोई कमी नहीं है.

Shraddha Mishra

महाराष्ट्र: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत के शहरों तक महसूस किया जाने लगा है. इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है. लोग आशंकित हैं कि अगर हालात और बिगड़े तो इसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ सकता है. इसी डर ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक अलग ही स्थिति पैदा कर दी, जहां पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से लोगों में हड़कंप मच गया. जैसे ही यह चर्चा फैली कि युद्ध के कारण कच्चे तेल का आयात प्रभावित हो सकता है और पेट्रोल पंप बंद हो सकते हैं, वैसे ही लोग घबरा गए. 

शहर के कई इलाकों में लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते पंपों के बाहर लंबी कतारें लग गईं. दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि कुछ जगहों पर ट्रैफिक की समस्या खड़ी हो गई. हालात ऐसे बन गए कि कई लोगों ने जरूरत से ज्यादा फ्यूल भरवाने की कोशिश की. डर और अनिश्चितता की वजह से माहौल तनावपूर्ण हो गया. कुछ स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

सप्लाई में आई अस्थायी रुकावट

रविवार होने और धूल भरी आंधी के कारण कुछ पंपों पर फ्यूल की आपूर्ति समय पर नहीं पहुंच सकी. इससे अफवाहों को और हवा मिल गई. जहां सप्लाई थोड़ी देर से पहुंची, वहां पंपों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा. इससे लोगों को लगा कि सच में पेट्रोल की कमी हो गई है, जबकि ऐसा नहीं था. इस अस्थायी रुकावट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी और भीड़ और ज्यादा बढ़ गई. हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल तकनीकी और मौसम से जुड़ी देरी थी.

प्रशासन और डीलर्स की अपील

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. छत्रपति संभाजीनगर पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल अब्बास ने साफ किया कि फिलहाल शहर में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि युद्ध का अभी फ्यूल की उपलब्धता पर कोई सीधा असर नहीं पड़ा है. डीलर्स एसोसिएशन ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत से ज्यादा फ्यूल न भरवाएं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सप्लाई सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag