मेड इन हेवन, घोस्ट स्टोरीज समेत अनरिलीज्ड फिल्मों का डेटा चोरी, जोया अख्तर के ऑफिस बॉय ने 15 हजार रुपये में बेच दी हार्ड डिस्क

जोया अख्तर और रीमा कागती की प्रोडक्शन कंपनी टाइगर बेबी के ऑफिस से 66 हाई कैपेसिटी हार्ड डिस्क चोरी हो गई, जिनमें मेड इन हेवन, घोस्ट स्टोरीज समेत कई अनरिलीज्ड फिल्मों और वेब सीरीज का रॉ फुटेज था.

calender

नई दिल्ली: बॉलीवुड की फिल्ममेकर जोया अख्तर और रीमा कागती की प्रोडक्शन कंपनी टाइगर बेबी डिजिटल एलएलपी के बांद्रा वेस्ट ऑफिस में बड़ा चोरी का मामला सामने आया है. कंपनी के ऑफिस से 66 हाई कैपेसिटी हार्ड डिस्क गायब हो गई हैं, जिनमें कई फिल्मों, वेब सीरीज और विज्ञापनों का रॉ फुटेज, एडिटेड मटेरियल और अनरिलीज्ड कंटेंट मौजूद था.

ऑफिस बॉय ने की चोरी

पुलिस ने इस मामले में कंपनी के ऑफिस बॉय मोहम्मद शाहिद अजीम खान को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में शाहिद ने कबूल किया कि वह पिछले 5 महीनों से लगातार एक-एक करके हार्ड डिस्क चुराता रहा. 

उसने बोरिवली के रितेश नाम के व्यक्ति को 24 डिस्क महज 15,000 से 20,000 रुपये में बेच दी. पुलिस अब बाकी डिस्क की तलाश कर रही है. कंपनी के पास कुल 119 हार्ड डिस्क थी, जिनमें से 66 गायब हैं. ये डिस्क 16 TB से 72 TB तक की क्षमता वाली थी. 

21 मई को खुला राज

21 मई 2026 को ऑफिस के कर्मचारी एक जरूरी हार्ड डिस्क ढूंढ रहे थे. काफी तलाश के बाद जब डिस्क नहीं मिली तो डेटा स्टोरेज बॉक्स चेक किए गए. बॉक्स खोलते ही सब हैरान रह गए क्योंकि अंदर असली डिस्क की जगह सिर्फ खाली और टूटे-फूटे डिब्बे पड़े थे. कंपनी की एचआर एडमिनिस्ट्रेटर मेहजबीन मुश्ताक शेख ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.

कंटेंट लीक का खतरा 

हार्ड डिस्क की कुल कीमत करीब 12-13 लाख रुपये बताई जा रही है, लेकिन असली चिंता पैसे की नहीं बल्कि उनमें मौजूद कंटेंट की है. इन डिस्क में 'मेड इन हेवन', 'घोस्ट स्टोरीज', 'नायका' विज्ञापन कैंपेन और 'गांधी मनी' जैसी फिल्मों-सीरीज का रॉ फुटेज, बैकअप और अनरिलीज्ड मटेरियल था. अगर ये कंटेंट इंटरनेट पर लीक हो गया तो कंपनी को करोड़ों का नुकसान हो सकता है.

पुलिस जांच में नया मोड़

पुलिस ने शाहिद के अलावा रितेश नाम के व्यक्ति के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. जांच में पता चला है कि ऑफिस में न तो जबरन तोड़फोड़ हुई थी और न ही कोई बड़ा नुकसान का निशान था. शाहिद कंपनी में कई साल से काम कर रहा था और डिस्क संभालने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या कंपनी का कोई और कर्मचारी इस चोरी में शामिल था.  First Updated : Tuesday, 26 May 2026