Income Tax Raid: दिल्ली के बाद BBC के मुंबई ऑफिस में भी इनकम टैक्स का छापा

दिल्ली और मुंबई के BBC के दफ्तर पर मंगलवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की।

Saurabh Dwivedi

Income Tax Raid: दिल्ली और मुंबई ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के दफ्तर पर मंगलवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BBC के दफ्तर को सील कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। कर्मचारियों को घर जाने के लिए कह दिया गया है। बीबीसी के लंदन हेडक्वार्टर को भी छापे की जानकारी दे दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, इंटरनेशनल टैक्स से जुड़ा ये मामला है। टैक्स में गड़बड़ी को लेकर बीबीसी दफ्तर पर आईटी की ये सर्चिंग चल रही है। उधर, इनकम टैक्स वालों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ये इनकम टैक्स की टीम का सर्वे है। हालांकि, अभी तक इनकम टैक्स विभाग की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 15 -20 सदस्यों वाली आयकर विभाग की टीमें BBC के दफ्तर पहुंची और छानबीन करना शुरू कर दी। दफ्तर में अंदर आने और बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं BBC पर आईटी के छापे की खबर के बाद कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला बोला है।

देश में अघोषित आपातकाल: कांग्रेस-

आयकर विभाग की कार्रवाई पर कांग्रेस (Congress) ने निशाना साधा है और इसे बीबीसी डॉक्यूमेंट्री बैन के बाद बदला बताया है। कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा, 'पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया. अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।'

आखिर क्या है BBC डॉक्यूमेंट्री का मसला?

दरअसल, हाल ही में बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री आई थी। यह डॉक्यूमेंट्री 2002 के गुजरात दंगों पर थी। केंद्र सरकार ने इसे प्रोपेगेंडा बताते हुए इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी। डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर कई यूनिवर्सिटियों में बवाल भी मचा था। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिकाएं दायर हुई हैं। ऐसे में विपक्ष आयकर विभाग की छापेमारी को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री से जोड़ कर केंद्र पर निशाना साध रहा है। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag