तमिलनाडु के पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में 16 लोगों की मौत, 6 लोग घायल
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले स्थित कट्टनरपट्टी गांव में रविवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई. हादसे में छह लोग घायल हो गए.

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टनरपट्टी गांव में रविवार को एक पटाखा बनाने वाली इकाई में भीषण विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. यह जानकारी अग्निशमन एवं बचाव विभाग के अधिकारियों ने दी.
कई मजदूर मलबे में दब गए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर के समय उस वक्त हुआ जब कारखाने के भीतर करीब 30 मजदूर फैंसी पटाखों की मालाएं तैयार करने में लगे हुए थे. अचानक हुए इस तेज धमाके ने पूरे परिसर को हिला कर रख दिया. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इमारत के कुछ हिस्से पूरी तरह से ढह गए, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए.
बताया जा रहा है कि यह पटाखा निर्माण इकाई गोविंदनल्लूर निवासी मुथु मणिकम के स्वामित्व में संचालित हो रही थी. हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
घायलों को तत्काल विरुधुनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने जताया शोक
इस दुखद घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है. मुख्यमंत्री ने संबंधित मंत्रियों के.के.एस.आर. रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं.
விருதுநகர் மாவட்டம் கட்டனார்பட்டியில் ஏற்பட்ட பட்டாசு ஆலை வெடி விபத்தில் பலர் உயிரிழந்துள்ள துயரச் செய்தி மிகுந்த வேதனையளிக்கிறது. உயிரிழந்தோரின் குடும்பத்தினருக்கு எனது ஆழ்ந்த இரங்கல்கள்.
— M.K.Stalin - தமிழ்நாட்டை தலைகுனிய விடமாட்டேன் (@mkstalin) April 19, 2026
மீட்புப் பணிகளை விரைவுபடுத்திக் கண்காணிக்கவும், பாதிக்கப்பட்ட குடும்பங்களுக்கு ஆறுதல்…
इसके अलावा, उन्होंने जिला कलेक्टर से भी संपर्क कर सभी आवश्यक मदद सुनिश्चित करने को कहा है. प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है. यह हादसा एक बार फिर से पटाखा उद्योग में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.


