नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ी खबर सामने आ रही है. मुख्य विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम को सोमवार, 29 जून की सुबह एक और बड़ा झटका लगा है. करूर विधानसभा सीट से विधायक एमआर विजयभास्कर ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और साथ ही पार्टी भी छोड़ दी है. साल 2026 के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से AIADMK का साथ छोड़ने वाले वह छठे विधायक बन गए हैं.
सचिवालय में स्पीकर से मिलकर सौंपा इस्तीफा
दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की सरकार में परिवहन मंत्री रह चुके एमआर विजयभास्कर सोमवार सुबह राज्य सचिवालय पहुंचे. वहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) जेसीडी प्रभाकर से व्यक्तिगत मुलाकात की और अपना हस्तलिखित इस्तीफा सौंप दिया. स्पीकर ने नियमों की जांच करने के बाद उनके इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है. विजयभास्कर 2021 के विधानसभा चुनाव में DMK के वी. सेंथिल बालाजी से चुनाव हार गए थे. साल 2026 के हालिया चुनाव में उन्होंने करूर सीट पर दोबारा शानदार जीत दर्ज की थी.
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी TVK में शामिल होने के कयास
राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि एमआर विजयभास्कर बहुत जल्द अभिनेता से राजनेता बने और वर्तमान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) का दामन थाम सकते हैं. उनसे पहले पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर (विरालीमलई सीट) ने भी करीब दो हफ्ते पहले ही पार्टी से इस्तीफा दिया था और उनके भी आज ही टीवीके में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है.
अब तक इन 6 विधायकों ने छोड़ा AIADMK का साथ
2026 के चुनावी नतीजों के बाद से पलानीस्वामी गुट में मची भगदड़ थमने का नाम नहीं ले रही है. विजयभास्कर से पहले पांच अन्य विधायक विधानसभा और पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं.
इनमें से शुरुआती चार विधायक पहले ही सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल होकर विपक्ष को कमजोर कर चुके हैं. ये सभी नेता पार्टी के भीतर एकतरफा फैसलों से नाराज चल रहे थे.
तमिलनाडु विधानसभा में खाली हुई कुल 7 सीटें
एमआर विजयभास्कर के इस ताजा इस्तीफे के बाद अब तमिलनाडु विधानसभा में कुल 7 सीटें खाली हो गई हैं. इन खाली सीटों में सबसे प्रमुख नाम त्रिची ईस्ट का है. इस सीट को खुद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने खाली किया है. उन्होंने हाल ही में चुनाव में त्रिची ईस्ट और पेरंबूर, दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव जीता था. First Updated : Monday, 29 June 2026