8 घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली लौटी एयर इंडिया की फ्लाइट, तकनीकी खराबी बनी वजह
एयर इंडिया की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण करीब 8 घंटे हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौट आई. विमान में 230 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं.

नई दिल्ली: नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. करीब आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा. विमान में कुल 230 यात्री सवार थे.
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 27 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही फ्लाइट AI173 में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान को वापस दिल्ली लाया गया. एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं.
तकनीकी खराबी के बाद वापस लौटी फ्लाइट
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, "27 मई को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ़्लाइट A1173, तय प्रक्रियाओं के अनुसार एक तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली लौट आई है. विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसकी तकनीकी जाँच की जाएगी."
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
यात्रियों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था
एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा, "यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है. हम उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं."
बयान में आगे कहा गया कि यात्रियों के लिए जलपान, होटल में ठहरने और फ्लाइट रीशेड्यूल करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. एयरलाइन की ग्राउंड टीम लगातार यात्रियों की सहायता में जुटी हुई है.
पिछले सप्ताह भी सामने आया था तकनीकी मामला
इससे पहले पिछले सप्ताह एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान में भी तकनीकी समस्या सामने आई थी. बेंगलुरु से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2802 के इंजन में आग लगने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई थी.
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने उस समय बताया था कि लैंडिंग के दौरान पायलट को इंजन में आग लगने का संकेत मिला था. बाद में पुष्टि हुई कि इंजन में वास्तव में आग लगी थी. हालांकि, आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.


