नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए अहम अपडेट सामने आई है. इस साल पवित्र यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी. हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, ऐसे में समय रहते आवेदन करना जरूरी होगा.
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को और आसान बनाया गया है. अब इच्छुक यात्री घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, वहीं ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी देशभर में उपलब्ध रहेगी. हालांकि, यात्रा में शामिल होने के लिए कुछ अनिवार्य पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.
अमरनाथ यात्रा 2026 में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की आयु 13 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसके साथ ही 6 अप्रैल 2026 के बाद जारी किया गया वैध स्वास्थ्य प्रमाण पत्र (CHC) होना अनिवार्य है. यह प्रमाण पत्र यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी किया गया है.
श्रद्धालु श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. वहीं ऑफलाइन आवेदन के लिए देशभर में SBI, PNB, ICICI बैंक, यस बैंक और एक्सिस बैंक की 550 से अधिक निर्धारित शाखाओं में सुविधा उपलब्ध है.
आवेदन फॉर्म और मेडिकल सर्टिफिकेट का फॉर्मेट SASB पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है. रजिस्ट्रेशन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा. साथ ही यात्रा की निर्धारित तिथि से 7 दिन पहले संबंधित स्लॉट बंद कर दिए जाएंगे, इसलिए समय पर आवेदन करना जरूरी है.
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कई विशेष इंतजाम किए गए हैं. सभी श्रद्धालुओं के लिए RFID ट्रैकिंग कार्ड अनिवार्य किया गया है, जिससे यात्रा के दौरान उनकी लोकेशन पर नजर रखी जा सके.
इसके अलावा, प्रत्येक यात्री को 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर भी दिया जाएगा. श्रीनगर और चंदनवाड़ी में ठहरने की बेहतर व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो.
यात्रियों की सुविधा के लिए खच्चरों, पालकियों और कुलियों के लिए प्री-पेड बुकिंग सिस्टम भी शुरू किया गया है. इससे यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. कुल मिलाकर, इस बार अमरनाथ यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है. First Updated : Wednesday, 15 April 2026