बारिश से बिगड़ा दिल्ली एयरपोर्ट का हाल, एयरलाइंस ने जारी किया फ्लाइट लेट होने का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने आमजन और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने मंगलवार को एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को उड़ानों में संभावित देरी और ट्रैफिक जाम को लेकर अलर्ट किया है.

Delhi flight delay: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर से हवाई यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है. राजधानी में मंगलवार को भी बारिश जारी रहने के पूर्वानुमान के बीच कई एयरलाइंस ने यात्रियों को अलर्ट किया है. एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से सफर से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने और एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय निकालकर निकलने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, यमुना नदी का जलस्तर अब भी खतरे के निशान के करीब बह रहा है, जिससे हालात को लेकर प्रशासन की चिंता बनी हुई है. गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों को किया अलर्ट
एयर इंडिया ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में कहा, "लगातार बारिश के कारण आज दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है. कृपया जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जाँच लें और हवाई अड्डे तक पहुँचने के लिए अतिरिक्त समय दें."
वहीं स्पाइसजेट ने भी अपने संदेश में यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी. एयरलाइन ने कहा, "दिल्ली (DEL) में खराब मौसम के कारण, सभी प्रस्थान/आगमन और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पर नजर रखें."
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्रों के लिए ऑरेंज से रेड अलर्ट जारी किया है.
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पास
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान के करीब बना हुआ है. पुराने यमुना पुल से मिली तस्वीरों में जलस्तर 205 मीटर के आसपास देखा गया. ऐसे में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
एनसीआर में मौसम का हाल
नोएडा और गाजियाबाद में दिनभर हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है. वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.


