आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में बुधवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब राज्य के मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी के भाई मदन भूपाल रेड्डी ने कथित रूप से एक पुलिस कांस्टेबल को थप्पड़ मार दिया. यह घटना मंदिर के उद्घाटन समारोह के दौरान घटी, जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ मौजूद थी.
घटना का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मदन रेड्डी को मंदिर के अंदर प्रवेश को लेकर एक कांस्टेबल से बहस करते हुए देखा गया. वीडियो में दावा किया गया है कि जब कांस्टेबल ने उन्हें तुरंत अंदर जाने से रोका, तो उन्होंने गुस्से में आकर उसे थप्पड़ मार दिया। स्थिति बिगड़ने से पहले वहां मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर माहौल को शांत किया.
घटना पर विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने इस घटना को टीडीपी शासन में बढ़ते ‘अहंकार’ और ‘अराजकता’ का प्रतीक बताया. वाईएसआरसीपी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि यह घटना दर्शाती है कि किस प्रकार टीडीपी नेताओं और उनके परिवार के सदस्य सत्ता के घमंड में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं. यह निंदनीय है कि एक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर सार्वजनिक रूप से हमला हुआ और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. उन्होंने आश्वासन दिया कि हमलावर कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. First Updated : Friday, 01 August 2025