National Herald case: नेशनल हेराल्ड केस में गांधी परिवार के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने अखबार को "ATM की तरह" इस्तेमाल किया और बिना कोई पैसा लगाए 2,000 करोड़ की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची. पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस ने इस अखबार को ATM की तरह इस्तेमाल किया. गांधी परिवार ने बिना एक पैसा लगाए नेशनल हेराल्ड की 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया." ठाकुर ने बताया कि यंग इंडियन कंपनी, जिसमें गांधी परिवार की 76% हिस्सेदारी है, को कांग्रेस से 50 लाख रुपये का कर्ज दिया गया था, जिसके बाद इस कंपनी ने 90 करोड़ रुपये का कर्ज चुकता करने के बदले एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड का अधिग्रहण कर लिया. उन्होंने पूछा, "क्या कोई राजनीतिक पार्टी कर्ज दे सकती है?"