बेंगलुरु डेकेयर में खौफनाक घटना: छोटे बच्चों को वॉशिंग मशीन में डाला, टॉयलेट जेट से बरसाया पानी
शिकायत में आरोप है कि केयरगिवर्स ने बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर डाला। उन्हें वेस्टर्न-स्टाइल टॉयलेट पर बिठाया गया और टॉयलेट जेट स्प्रे से मुंह में पानी की बौछार की गई।

बेंगलुरु: बेंगलुरु के कैपजेमिनी HAL कैंपस में बने डेकेयर सेंटर में 2 साल तक के बच्चों के साथ मारपीट के वीडियो सामने आए हैं। मामले में पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस कथित दुर्व्यवहार की जांच कर रही है।
वीडियो में कैद हुई खौफनाक हरकतें
शिकायत सेंटर के अंदर रिकॉर्ड किए गए वीडियो के आधार पर की गई। फुटेज में बच्चे रोते हुए दिख रहे हैं और नैनी उन्हें डराते-धमकाते हुए नजर आ रही हैं। पुलिस के मुताबिक वीडियो में 2 से 3 साल के बच्चों को रोने या शोर मचाने पर धमकाया जा रहा है।
शिकायत में आरोप है कि केयरगिवर्स ने बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर डाला। उन्हें वेस्टर्न-स्टाइल टॉयलेट पर बिठाया गया और टॉयलेट जेट स्प्रे से मुंह में पानी की बौछार की गई। बच्चों को बाथरूम में बंद कर चुप रहने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध नैनी को पूछताछ के लिए अभी बुलाना बाकी है।
IT कंपनी के कैंपस में चल रहा था डेकेयर
ये कथित घटनाएं कैपजेमिनी के HAL कैंपस में बने चाइल्डकेयर सेंटर में हुईं। यहां कंपनी के कर्मचारी काम पर जाते वक्त अपने छोटे बच्चों को छोड़ते हैं।
WhatsApp पर वायरल हुए वीडियो, फिर हुई कार्रवाई
मामला सोमवार को तब सामने आया जब दुर्व्यवहार के वीडियो WhatsApp पर वायरल हो गए। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई और पुलिस ने एक्शन लिया।
शिकायत के आधार पर पांचों महिलाओं के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो की सत्यता जांच रही है और बच्चों के बयान भी दर्ज कर सकती है।
इस घटना के बाद पेरेंट्स में भारी गुस्सा है। IT कंपनी ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। डेकेयर सेंटर में सुरक्षा और स्टाफ की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।


