Bihar Assembly Elections 2025: बिहार NDA में सियासी अटकलों पर विराम, BJP ने नीतीश पर जताया भरोसा

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर कोई सवाल नहीं है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा नीतीश कुमार को अगले कार्यकाल के लिए भी पूरा समर्थन देगी.

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में चौधरी ने कहा कि एनडीए में नेतृत्व परिवर्तन की कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि, "नीतीश कुमार कल भी नेता थे, आज भी हैं और कल भी रहेंगे." उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा पूरी तरह से जेडीयू (JDU) और नीतीश कुमार के फैसलों के साथ खड़ी रहेगी.

तेजस्वी यादव पर निशाना

चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे अपने दम पर नेता नहीं हैं, बल्कि उन्हें उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने नियुक्त किया है. उन्होंने कहा, "तेजस्वी केवल एक 'बउआ' हैं. जिस दिन लालू जी किसी और को अपना उत्तराधिकारी चुन लेंगे, तेजस्वी की कोई परवाह नहीं करेगा."

गठबंधन के प्रति BJP की निष्ठा

सम्राट चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि जब जेडीयू विपक्ष में थी, तब भाजपा ने उसकी आलोचना की थी, लेकिन जब से वह एनडीए में लौटी है, तब से भाजपा उसे पूरा समर्थन दे रही है. उन्होंने कहा, "गठबंधन में आने के बाद भाजपा अपने सहयोगियों के साथ 100 फीसदी खड़ी रहती है." आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चौधरी ने दावा किया कि एनडीए बिहार की 243 में से 200 से अधिक सीटें जीतेगा. उन्होंने इस जीत का श्रेय "डबल इंजन सरकार" के तहत हुए विकास कार्यों को दिया.

PM मोदी के नेतृत्व का जिक्र

चौधरी ने नीतीश कुमार के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि वे दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे. उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप काम कर रहे हैं. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने उनकी सराहना की और उन्हें एनडीए को मजबूत करने वाला बड़ा नेता बताया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag