पटना: पटना के मशहूर शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर पर FIR दर्ज होने के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। मुसल्लहपुर हाट स्थित खान कोचिंग संस्थान में पिछले मंगलवार रात हुए हंगामे के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को भी पुलिस कोचिंग सेंटर पहुंची, लेकिन खान सर वहां नहीं मिले।
कोचिंग के दो निजी गार्डों द्वारा फायरिंग के बाद कदमकुआं थाने में खान सर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि FIR के आधार पर उनकी गिरफ्तारी होनी है, इसलिए टीम उन्हें ढूंढने गई थी, लेकिन वह नहीं मिले।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पटना पुलिस ने गार्डों से जब्त 315 बोर की राइफल को लेकर नोएडा की एक सिक्योरिटी कंपनी से संपर्क साधा है। पुलिस यह पता लगा रही है कि लाइसेंस असली है या नकली। नोएडा पुलिस से भी इस संबंध में जानकारी मांगी गई है।
गिरफ्तार गार्ड प्रदीप कुमार, जो मैनपुरी के रहने वाले हैं, और कासगंज निवासी तालेबर सिंह के बारे में स्थानीय थानों से बैकग्राउंड रिपोर्ट मंगवाई गई है। फायरिंग के बाद घटनास्थल से खोखा नहीं मिला है। पूछताछ में पता चला कि किसी ने उसे उठा लिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन पर बिखरे खोखे तुरंत हटा दिए गए थे। रविवार को पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन सभी क्लास बंद होने के कारण परिसर खाली था।
खान ग्लोबल स्टडीज के गेट के पास 2 जून को हुई फायरिंग मामले में संस्थान के दो गार्ड पहले से जेल में हैं। अब खान सर भी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल कर सकते हैं।
खान सर के वकील अरविंद कुमार मउआर ने कहा कि गेट पर हुई घटना के बाद एक संस्थान ने दूसरे संस्थान के डायरेक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जवाब में विरोधी पक्ष ने भी FIR कराई है, जिसमें आत्मरक्षा में हवाई फायर करने वाले गार्डों के साथ खान सर का नाम भी जोड़ दिया गया है।
मउआर का कहना है कि अगली सुनवाई पर खान सर अग्रिम जमानत की अर्जी लगाएंगे। उनके मुताबिक, ध्यान से देखने पर खान सर के खिलाफ कोई ठोस मामला नहीं बनता। वकील ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर फंसाने के लिए नाम जोड़ा गया है।
पटना पुलिस का कहना है कि FIR दर्ज होने के बाद खान सर की गिरफ्तारी तय है। फिलहाल वह फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। First Updated : Monday, 08 June 2026