देश के 20 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार, गुजरात बना गढ़ तो हरियाणा में लगाई हैट्रिक...कहां-कहां विपक्ष की सरकार?

भारत में भाजपा और एनडीए वर्तमान समय में 20 राज्यों में सत्ता में हैं. गुजरात में 30 वर्ष, मध्य प्रदेश में दो दशक और यूपी-हरियाणा में लगातार जीत से गठबंधन की पकड़ मजबूत बनी हुई है, जबकि कुछ दक्षिणी व पूर्वी राज्यों में विपक्ष सत्ता में है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार का शपथग्रहण हो चुका है. नीतीश कुमार के साथ-साथ 26 नेताओं ने भी मंत्रीपद की शपथ ली. शपथग्रहण के बाद वर्तमान समय में देश के कितने हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी या उसकी सहयोगी पार्टियों वाली एनडीए सरकारें सत्ता में हैं.

दिलचस्प बात यह है कि बिहार ही नहीं, देश के कई प्रमुख राज्यों में भाजपा या एनडीए कई वर्षों से मजबूत स्थिति बनाए हुए है. कुछ राज्यों में तो पार्टी बीस-पच्चीस साल से अधिक समय से सत्ता में है, जबकि गुजरात में भाजपा का शासन लगातार तीस वर्षों से जारी है, जो भारतीय राजनीति में एक अनोखा रिकॉर्ड है.

गुजरात: 1995 से लगातार भाजपा की सरकार

गुजरात भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है. 1995 में केशुभाई पटेल के सत्ता में आने के बाद से आज तक भाजपा का वर्चस्व कायम है. 1995 से 1998 के बीच राज्य में नेतृत्व के बदलाव हुए. केशुभाई पटेल, सुरेश मेहता, शंकर सिंह वाघेला और दिलीप पारिख मुख्यमंत्री बने.

1998 में भाजपा फिर बहुमत में लौटी और 2001 में नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पद संभाला. मोदी 2014 तक गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे. 2014 के बाद आनंदीबेन पटेल, विजय रूपाणी और अब भूपेंद्र पटेल राज्य का नेतृत्व संभाल रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड 156 सीटें जीतकर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली.

मध्य प्रदेश: 20 वर्ष से अधिक समय से भाजपा का प्रभाव

मध्य प्रदेश भी लंबे समय से भाजपा का गढ़ बना हुआ है. 2003 से लेकर अब तक लगभग पूरा समय भाजपा सत्ता में रही है. बीच में केवल 15 महीनों (2018–2020) के लिए कांग्रेस सत्ता में आई, लेकिन जल्द ही सरकार गिर गई और भाजपा फिर वापस लौटी. इस अवधि में शिवराज सिंह चौहान का लंबा कार्यकाल रहा है और वर्तमान सरकार मोहन यादव के नेतृत्व में काम कर रही है.

हरियाणा: 2014 से लगातार भाजपा सरकार

हरियाणा में भाजपा ने 2014 में पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी. पहले मनोहर लाल खट्टर ने दो कार्यकाल पूरे किए और अब नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने हैं. राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी है. यह हरियाणा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है.

उत्तर प्रदेश: 2017 से भाजपा का मजबूत शासन

2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की और समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया. तब से योगी आदित्यनाथ लगातार मुख्यमंत्री हैं और राज्य में पार्टी की लोकप्रियता बनी हुई है.

एनडीए सरकार वाले प्रमुख 20 राज्य

दिल्ली

उत्तराखंड

उत्तर प्रदेश

हरियाणा

राजस्थान

गुजरात

महाराष्ट्र

गोवा

मध्य प्रदेश

छत्तीसगढ़

ओडिशा

सिक्किम

अरुणाचल प्रदेश

असम

नगालैंड

त्रिपुरा

मेघालय

मिजोरम

बिहार

आंध्र प्रदेश

पूर्वोत्तर में भाजपा का अभूतपूर्व विस्तार

भाजपा ने पिछले एक दशक में पूर्वोत्तर में अप्रत्याशित विस्तार किया है. असम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मेघालय में एनडीए सरकारें लगातार बनी हुई हैं. भले ही मणिपुर में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लागू है, लेकिन भाजपा वहां भी प्रमुख दल के रूप में बनी हुई है.

केंद्र शासित प्रदेश और अन्य राज्य

पुडुचेरी में भी एनडीए की सरकार है.

महाराष्ट्र, राजस्थान, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने हाल के वर्षों में सत्ता वापस हासिल की है.

दिल्ली में भी 2025 से भाजपा की सरकार है.

इन राज्यों में विपक्ष की सरकार

कुछ प्रमुख राज्य जहां भाजपा या एनडीए सत्ता में नहीं हैं

जम्मू-कश्मीर

कर्नाटक

तमिलनाडु

केरल

पंजाब

तेलंगाना

हिमाचल प्रदेश

झारखंड

पश्चिम बंगाल

भाजपा का राष्ट्रव्यापी राजनीतिक प्रभाव

भारत की वर्तमान राजनीतिक स्थिति दर्शाती है कि भाजपा और एनडीए गठबंधन देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता में हैं. गुजरात में लगातार 30 वर्षों का शासन, मध्य प्रदेश में दो दशक का प्रभुत्व, हरियाणा और यूपी में लगातार जीत, यह सब भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और जनाधार का संकेत है. आने वाले चुनावों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह प्रभाव कितना और आगे बढ़ता है और विपक्ष किन राज्यों में वापसी कर पाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag