रायपुर: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पुलिस और ट्रक चालक के बीच करीब 60 किलोमीटर तक हाई-वोल्टेज पीछा चला. इस दौरान चालक लगातार पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन आखिरकार महाराष्ट्र सीमा के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस के अनुसार, हादसा अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के गुंडार्देही गांव में हुआ. यहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 11 वर्षीय पूनम की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को सतर्क कर दिया और कई स्थानों पर बैरिकेड लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की. हालांकि, आरोपी चालक ने पुलिस की चेतावनी की अनदेखी करते हुए बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ता रहा. इस दौरान उसने एक अन्य ट्रक को भी टक्कर मार दी और कई जगह पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश की.
इस दौरान पुलिस ने लगातार पीछा जारी रखा। मानपुर क्षेत्र में भी ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वहां से भी निकल भागा। पीछा करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.
करीब दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन का अंत महाराष्ट्र सीमा से लगभग छह किलोमीटर पहले कोरकोटी गांव के पास हुआ. यहां ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया. इसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया. हादसे में चालक भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है.
उधर, हादसे के बाद गुंडार्देही गांव में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है. First Updated : Saturday, 27 June 2026