CJP ने किया आंदोलन खत्म करने का ऐलान, सरकार के साथ हर मांग पर बनी सहमति
CJP ने अपना आंदोलन खत्म करने का ऐलान कर दिया है। क्योंकि शनिवार, 25 जुलाई को सरकार प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर सहमत हुई।

नई दिल्ली: NEET-UG परीक्षा में गड़बड़ियों के विरोध में 36 दिन से चल रहा CJP का आंदोलन अब खत्म हो गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा मांगें मानने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को प्रदर्शन वापस लेने का ऐलान किया।
सरकार ने मानीं CJP की सभी मांगें
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ CJP ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने आंदोलनकारियों के खिलाफ दिल्ली और BJP शासित सभी राज्यों में दर्ज FIR वापस लेने पर सहमति दे दी है। सरकार FIR की प्रतियां भी CJP के साथ साझा करेगी।
दास ने कहा, "हमने सरकार को एक ड्राफ्ट दिया है, जो लिखित गारंटी है। सरकार ने कहा है कि मंगलवार तक इसे हमें सौंप दिया जाएगा। हमें उम्मीद है कि तब तक FIR और भविष्य की कार्रवाई को लेकर सरकार की गारंटी मिल जाएगी।" उन्होंने यह भी साफ किया कि आंदोलन में कुछ असामाजिक तत्वों ने घुसपैठ की थी और हिंसा की घटनाओं की CJP निंदा करती है।
पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने बताया कि आत्महत्या करने वाले NEET उम्मीदवारों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी सरकार ने मान ली है। रंका के अनुसार सरकार ने कहा है कि परिवारों को "नियम और कानून के तहत" सम्मानजनक मुआवजा दिया जाएगा।
रंका ने कहा, "36 दिन के विरोध के बाद सरकार ने हमारी सभी मांगें मान ली हैं। हमारी मांगें कोई अजीब नहीं थीं, बिल्कुल बुनियादी थीं। अब हम सभी से अपील करते हैं कि जंतर-मंतर और दूसरे प्रदर्शन स्थलों से शांतिपूर्वक हट जाएं।"
आगे सुधारों पर होगी बातचीत
JP नड्डा ने कहा कि सरकार ने CJP की हर मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया है और उन्हें स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए CJP के चार्टर पर सरकार काम करेगी और जरूरी कदम उठाएगी। नड्डा और जितेंद्र सिंह ने बातचीत में सरकार का पक्ष रखा।
रंका ने जानकारी दी कि व्यापक शिक्षा सुधारों को लेकर CJP और सरकार के बीच लगभग 4 हफ्ते बाद बातचीत का अगला दौर होगा। धर्मेंद्र प्रधान ने NEET-UG में अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया था।
इसके बाद सरकार और CJP के बीच बातचीत तेज हुई थी। अब CJP का कहना है कि आंदोलन का मकसद पूरा हो गया है। संगठन ने छात्रों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और सरकार की लिखित गारंटी का इंतजार करें।


