स्कूल वाला साइकिल रिक्शा देख इंटरनेट यूजर्स को आई बचपन की याद, बोले- ये आज भी चलता है
स्कूल के पुराने साइकिल रिक्शे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को अपने बचपन की यादों में लौटा दिया. वीडियो में बच्चों की मासूमियत, अपनापन और एक-दूसरे के लिए जगह बनाने का अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है.

नई दिल्ली: आज के समय में बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए ई-रिक्शा, ऑटो, वैन और स्कूल बसें आम हो गई हैं. लेकिन एक दौर ऐसा भी था, जब साइकिल रिक्शा ही लाखों बच्चों के स्कूल आने-जाने का सबसे भरोसेमंद साधन हुआ करता था. अब इसी पुराने दौर की याद दिलाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपने बचपन के दिनों को याद कर रहे हैं.
बच्चों की सादगी ने जीता दिल
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति साइकिल रिक्शे के पास पहुंचकर कैमरा ऑन करता है. रिक्शे में कई छोटे-छोटे बच्चे बैठे दिखाई देते हैं. तभी उनकी एक और साथी वहां आती है और बाकी बच्चे उसके लिए अपने आप जगह बना लेते हैं. इसके बाद सभी बच्चे कैमरे की ओर देखकर मासूम मुस्कान बिखेरते नजर आते हैं. बच्चों की यही सादगी और अपनापन लोगों का दिल जीत रहा है.
वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इसे सिर्फ एक स्कूल रिक्शा नहीं, बल्कि अपने बचपन की यादों से जोड़कर देख रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि वे भी कभी इसी तरह साइकिल रिक्शे में बैठकर स्कूल जाया करते थे. खासकर छोटे शहरों और कस्बों में पले-बढ़े लोगों के लिए यह नजारा पुरानी यादों को ताजा कर रहा है.
सोशल मीडिया यूजर्स ने किया रियेक्ट
कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा कि उन्होंने बचपन में ऐसे रिक्शे में सफर किया था और अब उनके अपने बच्चे हैं. वीडियो देखकर उन्हें पुराने दिन याद आ गए. वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि यह सिर्फ एक सवारी नहीं, बल्कि बचपन की सबसे खूबसूरत यादों में से एक है. कुछ लोगों ने रिक्शा चालक की मेहनत की भी सराहना की और कहा कि इतने बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाना आसान काम नहीं होता। कई यूजर्स ने उन अभिभावकों की भी तारीफ की, जो आज भी इस साधन पर भरोसा करते हैं.
किसने शेयर किया वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रिशा गुप्ता नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. अब तक इसे 28 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि डेढ़ लाख से ज्यादा लोग इसे पसंद कर चुके हैं. वीडियो के पॉपुलर का सबसे बड़ा कारण इसमें छिपा वह इमोशनल टच है, जिसने लोगों को उनके स्कूल के दिनों और बचपन की मीठी यादों तक फिर से पहुंचा दिया है.


