राघव चड्ढा के सहित 7 सांसदों के BJP में जाने का दावा, मगर पहुंचे सिर्फ तीन, बाकी चार कहां?
राघव चड्ढा ने दावा किया था कि आप के 10 में से 7 राज्यसभा सदस्य भाजपा में विलय कर रहे हैं। लेकिन सदस्यता लेने भाजपा मुख्यालय सिर्फ संदीप पाटिल और अशोक मित्तल ही उनके साथ पहुंचे।

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक ऐलान किया और दावा किया कि उनके साथ आप के कुल 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं। हालांकि जब वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो उनके साथ सिर्फ तीन सांसद ही मौजूद थे।
इसके बाद सवाल उठने लगे कि बाकी चार सांसद कहां हैं? राघव चड्ढा ने जिन सांसदों के भाजपा में जाने की बात कही थी, उनमें संदीप पाटिल, अशोक मित्तल, स्वाति मालिवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी के नाम शामिल थे। इनमें से स्वाति मालिवाल लंबे समय से आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से खींचतान के चलते चर्चा में रही हैं।
भाजपा मुख्यालय पहुंचे सिर्फ 3 सांसद
आपको बताते चलें कि राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने दावा किया था कि आप के 10 में से 7 राज्यसभा सदस्य भाजपा में विलय कर रहे हैं। लेकिन सदस्यता लेने भाजपा मुख्यालय सिर्फ संदीप पाटिल और अशोक मित्तल ही उनके साथ पहुंचे। बाकी चार सांसदों के न पहुंचने पर अटकलें तेज हो गईं।
सूत्रों के मुताबिक, चारों सांसदों के भाजपा मुख्यालय न पहुंचने की अलग-अलग वजहें हैं। कहा जा रहा है कि स्वाति मालिवाल फिलहाल पूर्वोत्तर में छुट्टियां मना रही हैं, इसलिए शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को वे शामिल नहीं हो पाईं। हरभजन सिंह आईपीएल में व्यस्त हैं।
वहीं राजेंद्र गुप्ता इलाज के लिए विदेश में हैं। वहीं विक्रमजीत साहनी दिल्ली में होने के बावजूद खराब तबीयत का हवाला देकर किसी से बात नहीं कर रहे हैं। स्वाति मालिवाल बीते लंबे समय से पार्टी लाइन से अलग स्टैंड लेती रही हैं और शीर्ष नेतृत्व से उनका विवाद चल रहा है।
'दो-तिहाई सांसदों का विलय हो सकता है- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने आगे कहा, “आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के 10 में से सात सदस्यों का भाजपा में विलय हो रहा है। संविधान के अनुसार किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसदों का दूसरी पार्टी में विलय हो सकता है। हमने इस संबंध में राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन को एक पत्र सौंपा है, सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर रहे हैं। भाजपा में शामिल होने वाले अन्य ‘आप' राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल हैं।”


