मोहर्रम पर झड़प और अफरातफरी: यूपी-बिहार से लेकर राजस्थान तक फैला बवाल
मोहर्रम के जुलूस के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कई जगहों पर हिंसक झड़पें और हादसे हुए. कई स्थानों पर ताजिया हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. यूपी के जौनपुर में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.

मोहर्रम के मौके पर देश के कई राज्यों में निकले ताजिया जुलूस के दौरान हिंसक घटनाएं, हादसे और सांप्रदायिक तनाव की खबरें सामने आई हैं. बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, कई स्थानों पर दो गुटों के बीच झड़पें हुईं, कुछ जगहों पर ताजिया हाईटेंशन तार से टकरा गया जिससे मौतें और झुलसने की घटनाएं हुईं. प्रशासनिक सतर्कता के बावजूद हालात कई जिलों में बिगड़ गए.
कटिहार के नए टोला इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई. महावीर मंदिर के पास पथराव हुआ, हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया. एक पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हुए. एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी गईं.
बिहार: झड़पें, पथराव और करंट से झुलसे लोग
दरभंगा के खिरमा चौक में एक ही समुदाय के दो गुट आपसी रंजिश में भिड़ गए. पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के चलते 12 से अधिक लोग घायल हुए. पुलिस ने भारी बल तैनात कर स्थिति पर काबू पाया.
बस की टक्कर से दो लोग घायल
नवादा के दिरी गांव में ताजिया में लगे झंडे के हाईटेंशन तार से छू जाने से 8 युवक झुलस गए. वैशाली के पातेपुर में बस की टक्कर से दो लोग घायल हुए, जिसके बाद भीड़ ने बस में आग लगा दी.
उत्तर प्रदेश: हाईटेंशन तार से मौतें, पथराव और भगदड़
अलीगढ़ में ताजिया रहमानिया मस्जिद के पास हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए. लखीमपुर के शारदानगर में जुलूस के दौरान पथराव हुआ, पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा.
कुशीनगर में दो समुदायों के बीच नारेबाजी और झड़प हुई, जिसमें एक बच्चे को चोट लगी. पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.
जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में ताजिया दफन के समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हुआ.
बरेली के फरीदपुर में 23 फीट ऊंचा ताजिया बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई. कई लोग जान बचाने के लिए नदी में कूदे. एसपी ने ताजिए की ऊंचाई में लापरवाही को लेकर जांच के आदेश दिए हैं.
राजस्थान: चूरू में हत्या, सीकर में झड़प
चूरू में ताजिया जुलूस के दौरान एक नाबालिग लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
सीकर में ईदगाह रोड पर जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया.
मध्य प्रदेश: उज्जैन में पुलिस पर हमला
उज्जैन में प्रतिबंधित मार्ग से ताजिया निकालने को लेकर विवाद हुआ. जुलूस में शामिल लोगों ने बैरिकेड्स तोड़े और पुलिस से धक्का-मुक्की की, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
प्रशासन अलर्ट, कार्रवाई जारी
इन सभी घटनाओं के बाद संबंधित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस और प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं. कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं रोक दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.


