दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया बारिश-आंधी का अलर्ट
दिल्ली-NCR समेत उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. IMD ने 11 से 14 मई के बीच आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR समेत उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 से 14 मई के बीच कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है.
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के बाद दिल्ली में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. IMD ने राजधानी दिल्ली के लिए 11 और 12 मई को येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के कारण मौसम सुहावना बना रह सकता है.
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासतौर पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है.
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार
IMD के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है.
राजस्थान और गुजरात में हीटवेव का खतरा
जहां एक ओर कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में अगले सात दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. IMD ने लोगों को दोपहर के समय ज्यादा देर तक धूप में बाहर न रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.
दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बिगड़ सकता है. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है.


