Delhi-NCR Weather: तेज आंधी और बारिश से बदला मौसम, भीषण गर्मी से लोगों को मिली बड़ी राहत

दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम बदल गया है. तेज आंधी और जोरदार बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी है.

calender

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवाओं और जोरदार बारिश ने राजधानी समेत आसपास के इलाकों में मौसम को पूरी तरह बदल दिया. लंबे समय से पड़ रही चुभती गर्मी और लू के बीच बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है. मौसम बदलने के साथ ही तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई.

नई दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में तेज बारिश और धूलभरी आंधी देखने को मिली. अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगहों पर ट्रैफिक और आवाजाही भी प्रभावित हुई.

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक आंधी-तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी के बाद वातावरण में संवहन विकसित हुआ है. इसी वजह से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है. विभाग ने कहा कि संतुलन बनने तक कुछ समय के लिए तेज हवाएं, बारिश और गरज-चमक का असर जारी रह सकता है.

कई इलाकों में हुई जोरदार बारिश

दिल्ली के कई हिस्सों में शाम के समय तेज बारिश शुरू हुई. नई दिल्ली में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और तपती गर्मी से राहत मिली. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट महसूस की गई.

मुंबई में भी मौसम को लेकर अलर्ट

दिल्ली के अलावा मुंबई में भी मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन घंटों के दौरान मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी में हल्की बारिश होने की संभावना है.

मौसम में आए इस बदलाव के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार बढ़ रहा था और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था. First Updated : Saturday, 23 May 2026