दिल्ली में बदला मौसम, यूपी-राजस्थान से लेकर पहाड़ों तक आंधी-बारिश का खतरा; IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी हुआ है, जिससे लोगों और किसानों की चिंता बढ़ गई है.

Shraddha Mishra

अप्रैल की शुरुआत आमतौर पर गर्मी के बढ़ने का संकेत देती है, लेकिन इस बार मौसम ने अलग ही रंग दिखा दिया है. देश के कई हिस्सों में अचानक बदलते मौसम ने लोगों को चौंका दिया है. कहीं तेज आंधी चल रही है तो कहीं झमाझम बारिश हो रही है. ऐसा लग रहा है जैसे गर्मी की जगह मानसून ने दस्तक दे दी हो. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता भी बढ़ गई है, खासकर किसानों की.

मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह एक नया पश्चिमी विक्षोभ है, जो 7 अप्रैल से सक्रिय हो चुका है. इसके कारण उत्तर भारत से लेकर पश्चिमी इलाकों तक मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है, जो फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है.

दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज

राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम थोड़ा शांत था, लेकिन अब यहां भी बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लोगों को थोड़ी राहत के बाद फिर से मौसम की मार झेलनी पड़ सकती है. मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल के बीच पूरे राज्य में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी यूपी से शुरू होकर यह मौसम पूर्वी हिस्सों तक पहुंच सकता है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम और भी ज्यादा खराब हो सकता है. यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. तेज बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में असर

हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने वाला है. यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. चंडीगढ़ समेत कई शहरों में अलर्ट जारी किया गया है. मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

राजस्थान में ओलावृष्टि का खतरा

राजस्थान में 7 से 9 अप्रैल के बीच मौसम काफी खराब रह सकता है. जयपुर, भरतपुर और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है. जोधपुर, बीकानेर और अजमेर में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

पश्चिम बंगाल में अलग मिजाज

जहां एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में गर्मी बढ़ने के आसार हैं. हालांकि उत्तर बंगाल के कुछ जिलों जैसे दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो