48 घंटों में बदल जाएगा दिल्ली-NCR का मिजाज! यूपी समेत 18 राज्यों में आंधी, बारिश का अलर्ट हुआ जारी
दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी दी है. अगले 48 घंटों में कई राज्यों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है.

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और लू से परेशान उत्तर भारत को जल्द राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में कई राज्यों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से मौसम बदल रहा है, जिससे धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार समेत कुल 18 राज्यों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने को कहा है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और कुछ जगहों पर ओले गिरने का भी खतरा है.
उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने करीब 50 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, मथुरा, अयोध्या और आसपास के कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है बुधवार को भी कई जिलों में अचानक मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी.
बिहार और अन्य राज्यों में स्थिति
बिहार में भी आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का असर देखा गया. कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा और कुछ लोगों की जान भी गई. मौसम विभाग ने यहां भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी रखा है. पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है.
वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत में तूफानी हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे रायलसीमा और महाराष्ट्र में भी भारी बादल छाए रह सकते हैं.
सावधानी बरतें
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, तेज हवाओं और बिजली गिरने से जान-माल का खतरा हो सकता है. इसलिए खुले में न रहें, पेड़ों के नीचे आश्रय न लें और फसलों की सुरक्षा का ध्यान रखें. कुछ इलाकों में गर्मी अभी भी बनी रह सकती है, लेकिन कुल मिलाकर अगले दो दिनों में मौसम सुहावना होने की उम्मीद है.


