'सूअर की तरह छटपटा रहा ईरान' राष्ट्रपति ट्रंप ने उड़ा दिया नया प्रस्ताव, होर्मुज रहेगा अब बंद

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की तुलना सूअर से की है. उन्होंने कहा कि अब ईरान सूअर की तरह छटपटा रहा है और उसका दम घुट रहा है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की स्थिति की तुलना सूअर से करते हुए कहा है कि वह सूअर की तरह छटपटा रहा है और उसका दम घुट रहा है. ट्रंप के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगाई गई अमेरिकी नाकेबंदी बमबारी से भी ज्यादा असरदार साबित हो रही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सकता और जब तक वह परमाणु कार्यक्रम पर ठोस समझौता नहीं करता, होर्मुज नहीं खोला जाएगा.

ईरान का प्रस्ताव और ट्रंप की अस्वीकृति

ईरान ने हाल ही में अमेरिका को एक नया ऑफर दिया था. इसमें कहा गया था कि अगर अमेरिका होर्मुज खोल दे तो ईरान भी प्रतिबंध हटा लेगा और तुरंत युद्धविराम लागू कर दिया जाएगा. परमाणु समझौते की बात बाद में की जा सकती है, लेकिन ट्रंप ने इस प्रस्ताव को सीधे ठुकरा दिया.

उन्होंने एक्सियोस को दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान नाकेबंदी खत्म करवाना चाहता है, लेकिन अमेरिका ऐसा नहीं करेगा. ट्रंप का दावा है कि नाकेबंदी के कारण ईरान का तेल निर्यात रुक गया है और उसके स्टोरेज टैंक तथा पाइपलाइन फटने की कगार पर हैं. 

ईरान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं

ट्रंप ने कहा, “नाकेबंदी बमबारी से कहीं ज्यादा प्रभावी है. उनकी हालत स्टफ्ड पिग जैसी हो गई है और आगे स्थिति और खराब होने वाली है.” रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के पास तेल जमा करने की जगह तेजी से खत्म हो रही है. कुछ अनुमानों में कहा गया है कि उसके पास सिर्फ कुछ हफ्तों की जगह बची है. इस वजह से ईरान की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है.

नए हमले की आशंका और ईरान का जवाब

इस बीच खबरें आ रही हैं कि अमेरिका ईरान पर छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी हमलों की तैयारी कर रहा है ताकि बातचीत में दबाव बढ़ाया जा सके. ट्रंप ने पहले ही कहा था कि अब वे और अच्छे इंसान नहीं बन सकते. ईरान की तरफ से सख्त जवाब आया है. एक वरिष्ठ सुरक्षा सूत्र ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी का जल्द ही मजबूत जवाब दिया जाएगा.

ईरान की संसद के स्पीकर ने भी कहा कि देश अपने दुश्मनों की चालों को नाकाम कर देगा. ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो