अरविंद केजरीवाल का दावा, दीपक सिंगला गलत काम करने की वजह से नहीं, BJP के खिलाफ काम करने की वजह से हुए गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी ने गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला की ईडी गिरफ्तारी को भाजपा द्वारा राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए तीखा हमला बोला है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: गोवा में आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर भाजपा के खिलाफ तीखा हमला बोला है. "आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया कि उसने कोई ग़लत काम किया है. बल्कि इसलिए गिरफ़्तार किया है क्योंकि वो बीजेपी के खिलाफ काम कर रहा था और उसने बीजेपी में शामिल होने से मना कर दिया. 

दीपक सिंगला बहादुर है और देश के लिए लड़ रहा है. अरविंद केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा को लेकर कहा कि संजीव अरोड़ा बहुत बहादुर और देशभक्त हैं. पूरे पंजाब को उन पर गर्व है.

आतिशी का बयान

उधर, "आप" गोवा प्रभारी और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि आज हमारे देश में नीट का पेपर लीक हो रहा है, पेट्रोल-डीज़ल और सीएनजी के दाम रोज़ बढ़ रहे हैं, रुपया डॉलर के सामने गिरता जा रहा. लेकिन मोदी जी को सिर्फ़ एक काम है - विपक्ष के नेताओं पर झूठे केस लगाना और उन्हें गिरफ़्तार करना.

सोमवार को ईडी ने "आप" नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया है. क्योंकि वो गोवा में बीजेपी के खिलाफ लड़ने वाला एक संगठन तैयार कर रहे थे. मेरा मोदी जी से कहना है कि आप चाहे हमारी पार्टी के कितने भी नेताओं को गिरफ्तार करो, हम देश के हित के लिए काम करते रहेंगे.

केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और गोवा प्रभारी आतिशी ने केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ईडी का इस्तेमाल तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ किया था. 

चुनाव लड़ाने वाली एजेंसी 'आई पैक' में काम करने वाले लोगों को जेल भेज दिया गया और चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस का सारा डाटा ईडी के माध्यम से चुरा लिया गया. जैसे ही चुनाव खत्म हुआ, वैसे ही उन सभी लोगों को जेल से रिहा कर दिया गया.

बंगाल के बाद पंजाब पर हमला

आतिशी ने कहा कि बंगाल के बाद भाजपा का अगला हमला पंजाब पर शुरू हुआ, जहां आम आदमी पार्टी के नेताओं पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए. जो नेता दबाव में आकर भाजपा में शामिल हो गए, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. लेकिन संजीव अरोड़ा जैसे नेता, जिन्होंने भाजपा में जाने से साफ मना कर दिया, उन्हें जेल भेज दिया गया.

गोवा में भाजपा का निशाना

इसके बाद आतिशी ने कहा कि पंजाब के बाद अब अगला नंबर गोवा का आ गया है. भाजपा ऐसा इसलिए कर रही है क्योंकि वह अच्छी तरह जानती है कि गोवा में भाजपा सरकार से लोग नफरत करते हैं. भाजपा इस बात से डर गई है कि फरवरी में होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव में यहां के लोग उन्हें सत्ता से बाहर फेंकने वाले हैं. आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर ही आज आम आदमी पार्टी के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के घर पर ईडी की छापेमारी की जा रही है.

कार्यकर्ताओं पर छापेमारी

आतिशी ने आगे कहा कि यहां गोवा में सिर्फ बड़े नेताओं पर ही नहीं, बल्कि कई आम कार्यकर्ताओं के घरों पर भी छापेमारी चल रही है. एक आम कार्यकर्ता या संगठन के प्रभारी पर यह छापेमारी सिर्फ और सिर्फ उनका चुनावी डाटा चुराने के लिए की जा रही है. ठीक वैसे ही, जैसे ईडी ने बंगाल में टीएमसी के साथ किया था. सारा डाटा चुराकर भाजपा को सौंप दिया, वही खेल आज गोवा में दोहराया जा रहा है.

भाजपा को चेतावनी

अंत में आतिशी ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं भाजपा को साफ बता देना चाहती हूं कि आम आदमी पार्टी तुम्हारी उनसे या ईडी से डरने वाली नहीं है. गोवा के लोग सब देख रहे हैं कि किस तरह भाजपा ने बीते 15 सालों में गोवा की हालत बदतर कर दी है और यहां के लोगों को परेशान किया है. अब ईडी की ये फर्जी छापेमारी भी गोवा में भाजपा को करारी हार से नहीं बचा सकती.

मनीष सिसोदिया का बयान

"आप" के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने एक्स पर कहा कि ईडी सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने पर्सनल गुंडों की तरह इस्तेमाल करके मोदी जी विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं. लेकिन देश की अर्थव्यव्स्था को, रुपए की गिरती इज्जत को नहीं संभाल सकते.

सौरभ भारद्वाज का बयान

सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कह कि सोमवार को आम आदमी पार्टी के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के घर पर ईडी ने दिल्ली और गोवा में कई स्थानों पर छापेमारी की. ईडी, सीबीआई, एसीबी आदि द्वारा "आप" नेताओं को लगातार परेशान किया जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो