कौन हैं क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया? पीएम मोदी को दिया स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान
रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार स्वीडन के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है। इसकी शुरुआत 1818 में हुई थी। यह अवॉर्ड उन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को दिया जाता है जिन्होंने असाधारण जनसेवा की हो और स्वीडन के साथ संबंधों को मजबूत करने में योगदान दिया हो।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वीडन दौरे के बाद वहां की क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया सुर्खियों में हैं। रविवार (17 मई 2026) को क्राउन प्रिंसेज ने पीएम मोदी को स्वीडन के सबसे बड़े नागरिक सम्मान रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस से सम्मानित किया। यह सम्मान किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला सर्वोच्च अवॉर्ड है। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले एशियाई नेता बन गए हैं।
क्या है रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार?
रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार स्वीडन के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है। इसकी शुरुआत 1818 में हुई थी। यह अवॉर्ड उन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को दिया जाता है जिन्होंने असाधारण जनसेवा की हो और स्वीडन के साथ संबंधों को मजबूत करने में योगदान दिया हो।
पीएम मोदी ने इस सम्मान पर क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया और स्वीडन की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों और भारत-स्वीडन की गहरी दोस्ती को समर्पित है। पीएम ने इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक और सभ्यतागत रिश्तों की पुष्टि बताया।
कौन हैं क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया?
आपको बताते चलें कि क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया स्वीडन के राजा कार्ल-16 गुस्टाफ की सबसे बड़ी संतान हैं। स्वीडन के उत्तराधिकार अधिनियम के अनुसार वे सिंहासन की उत्तराधिकारी हैं। 48 साल की विक्टोरिया भविष्य में राज्य प्रमुख की भूमिका निभाने की तैयारी कर रही हैं। अगर वे गद्दी संभालती हैं तो स्वीडन के इतिहास में चौथी महारानी बनेंगी।
भाई की जगह बनीं सिंहासन की वारिस
विक्टोरिया का जन्म 1977 में हुआ था। वे राजा की पहली संतान थीं। लेकिन 1979 में छोटे भाई प्रिंस कार्ल फिलिप के जन्म के बाद नियमों के मुताबिक वे उत्तराधिकारी बन गए। उस समय सिर्फ बड़े बेटे को ही गद्दी का वारिस माना जाता था।
लेकिन एक साल बाद स्वीडन ने संविधान में बदलाव किया। नए नियम के तहत शासक की सबसे बड़ी संतान को प्राथमिकता दी गई, चाहे वह बेटा हो या बेटी। इस संशोधन के बाद विक्टोरिया क्राउन प्रिंसेज बन गईं।
यूरोप की गॉडमदर कही जाती हैं विक्टोरिया
गौरतलब है कि क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया को यूरोप की गॉडमदर भी कहा जाता है। स्वीडन में बेहद लोकप्रिय विक्टोरिया गॉडपैरेंट बनने के मामले में भी पहली पसंद हैं। यूरोप के लगभग हर देश के शाही परिवार में उनके गॉडचिल्ड्रेन हैं। इनमें तीन भावी राजा और रानी भी शामिल हैं। यूरोप के संभ्रांत लोगों में बच्चों का गॉडफादर और गॉडमदर बनाने की परंपरा सदियों पुरानी है। ये गॉडपैरेंट बच्चों के संरक्षक माने जाते हैं।


