भीषण गर्मी की चपेट में दिल्ली, लू ने बढ़ाई मुश्किलें, अगले एक हफ्ते तक ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. दिन में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और तापमान लगातार परेशान करेगा.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली:  दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच राजधानी अब लू की चपेट में आ गई है. मंगलवार को पूरे दिन चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया, जिसके बाद मौसम विभाग ने इसे इस महीने का पहला आधिकारिक लू वाला दिन घोषित किया.

राजधानी में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में राहत के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिन ही नहीं, रात में भी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. अनुमान है कि तापमान 46 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है.

20 मई को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का आसमान साफ रहेगा और दिनभर तेज धूप निकलेगी. सूरज की तपिश के साथ लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ेगा. आज भी लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. गर्म हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि कुछ समय के लिए हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है.

NCR के शहरों में भी गर्मी का प्रकोप

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे एनसीआर के शहरों में भी भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. इन इलाकों में भी लोग तेज धूप और लू के थपेड़ों से परेशान हैं. मौसम विभाग का कहना है कि आज भी इन क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा.

आखिर क्यों बढ़ रही है दिल्ली में गर्मी?

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस समय दिल्ली की ओर बलूचिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म और सूखी हवाएं आ रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन इलाकों के आसपास समुद्र या बड़ी नदियों जैसे जलस्रोत नहीं हैं, जिसकी वजह से यहां की हवाएं बेहद गर्म और शुष्क होती हैं. अगर हवाएं अरब सागर या बंगाल की खाड़ी की तरफ से आतीं, तो उनमें नमी होती और तापमान में कुछ राहत मिल सकती थी. लेकिन मरुस्थल से आने वाली गर्म हवाएं उत्तर भारत में लू और तपिश को और बढ़ा रही हैं.

दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन और रात

मंगलवार को दिल्ली ने इस सीजन का सबसे गर्म दिन और सबसे गर्म रात दर्ज की. राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान नमी का स्तर 44 से 11 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया.

रिज बना सबसे गर्म इलाका

बीते दिन दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रिज रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी के अन्य हिस्सों में भी तापमान 45 से 46.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे पूरे शहर में गर्मी का असर बेहद गंभीर बना रहा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो